बनकटी अस्पताल के पास हुआ हादसा, चालक के झपकी आने से हुई घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
फरेंदा। सोनौली की तरफ से गोरखपुर जा रहे पिकअप चालक को झपकी आ जाने के कारण सामने से आ रहे ट्रेलर की चपेट में आ गया। इससे चालक समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल भेजा गया। जहां से पिकअप चालक की हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया।
अमेठी जिला निवासी शेरबाबू (27) पिकअप पर मुर्गा भरकर सोनौली की तरफ गया था। लौटते समय बनकटी अस्पताल के समीप झपकी आने के कारण सामने से आ रही ट्रेलर की चपेट में आ गया। पिकअप चालक शेरबाबू व ट्रेलर चालक रविंद्र गिरी निवासी भौआपार बेलीपार गोरखपुर को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद करीब 20 मिनट तक राजमार्ग जाम रहा।
सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी ले गए। जहां से शेरबाबू की हालत नाजुक बनी हुई है। सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि वाहन कब्जे में है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।