रोडवेज यात्रियों ने खोली व्यवस्था की पोल
रोडवेज बस में सफर करने वाले यात्रियों से मांगा जा रहा सुझाव
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। यात्रियों से रोडवेज बस में सफर के अनुभवों पर परिवहन निगम यात्रियों की राय ले रहा है। तीन दिन में महराजगंज बस स्टेशन से रोडवेज बस की सेवा लेने वाले 13 यात्रियों ने अपनी राय दी है। किसी ने बस सेवा को और बेहतर तो किसी ने रास्ते में ही बस खराब हो जाने की शिकायत की है। परिवहन निगम के एमडी की ओर से जारी 17 सवालों के प्रपत्र पर यात्रियों को जवाब देना है। एक कालम में यात्रियों को सुझाव देना है।
उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम के प्रधान प्रबंधक ने सभी क्षेत्रीय प्रबंधक, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को पत्र भेजकर परिवहन की बसो में यात्रियों की यात्रा के समय संतुष्टी से जूडी सर्वे कराने का निर्देश दिया है। इसके लिए एक प्रश्न उत्तर का फार्म यात्रियों को देकर उस फार्म पर उनकी राय लेने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में स्थानीय नगर में रोडवेज बस सेवा लेने वाले 13 यात्रियों ने अपनी अपनी राय दी है। बस की सेवा ले रहे यात्री अरूण पांडेय ने कहा कि बसों को ठीक ढंग से मरम्मत करवाकर संचालित कराई जाए। अधिक्तर बस रास्ते में ही पंचर हो जाती हैं। उन्होंने बस की सीट टूटे होने व साफ सफाई का आभाव होने की बात कही है। किरन देवी ने कहा कि गाडियों की मरम्मत के लिए रोडवेज बर्कशाप में सभी सामान उपलब्ध कराए जाए। जिससे बस को ठीक ढंग से मरम्मत हो सके। रोड पर संचालन में यह बसें खराब न हो। शिवानंद ने कहा कि रोडवेज बस में चालक और परिचालक अपनी वर्दी में ही बस में रहे और यात्रियों से ठीक ढंग से व्यवहार करें। इसके अलावा डॉ. बीआर राय, किरन, राजेश यादव, शिल्पी जायसवाल, हिरा, चालू, अजय, राजेंद्र पटेल, उपेंद्र, संजय आदि ने अपनी राय दी है। रोडवेज बस स्टेशन प्रभारी केपी नायक ने बताया कि रोडवेज बस की सेवा लेने वाले यात्रियों से राय मांगा जा रही है। यात्रियों से मिले राय को उच्चाधिकारियों के पास भेजा जाएगा। इसके बाद व्यवस्था में सुधार का प्रयास किया जाएगा।