नौतनवां। संपूर्ण समाधान दिवस में छपवां एवं दशरथपुर के लोगों ने कोटेदार के खिलाफ तहसील परिसर में प्रदर्शन किया। एसडीएम को ज्ञापन देकर मामले की जांच कराने एवं कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। गांव वालों का कहना था कि राशन वितरण में धांधली एवं राशन व मिट्टी तेल नहीं देने की शिकायत कई बार तहसील दिवस में की गई। लेकिन कोटेदार के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। जल्द ही कोटेदार द्वारा राशन वितरण की जांच कराकर कार्रवाई नहीं की गई तो वह लोग धरना प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे। इस मौके पर इमरती देवी, इंद्रावती, पाना देवी, बलवंता, सरस्वती, लालती, शकुंतला, गिलासी देवी, रामा यादव, लक्ष्मीकांत मौजूद रहे। वहीं दशरथपुर के ग्रामीणों ने एसडीएम को दिये शिकायती पत्र में कहा कि गांव के कोटेदार हीरा द्वारा अगस्त व सितंबर का राशन वितरण नहीं किया गया। कोटेदार द्वारा पहले भी राशन वितरण में धांधली एवं घटतौली के साथ अधिक मूल्य लिया जा रहा है। ऐसे में कोटेदार की खुली जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाए। इस मौके पर लल्लन, नरेंद्र, सावित्री, राधेश्याम, झीनक, श्रीराम, सुखदेव, रामसमुझ, बासदेव आदि मौजूद रहे।
राशन वितरण में धांधली का आरोप, जांच की मांग
मुजुरी। मंगलवार को जर्दी में ग्रामीणों ने कोटेदार के खिलाफ प्रदर्शन किया। कोटेदार पर राशन व खाद्यान्न वितरण में धांधली करने का आरोप लगाया। चावल और गेहूं के लिए तय मूल्य से अधिक की वसूली की शिकायत की। गांव के लोगों ने डीएम को शिकायती पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों ने बताया कि पांच यूनिट पर पंद्रह किलो और दस यूनिट पर तीस किलो राशन मिलता है। गेहूं चार रुपये और चावल पांच रुपये किलो के हिसाब से मिलता है। जबकि सरकारी स्तर पर गेहूं दो रुपये और चावल तीन रुपये प्रति किलो का रेट निर्धारित है। कोटेदार के यहां मिले पंद्रह किलो राशन को अन्यत्र तौल कराने पर चौदह किलो ही होता है। इस प्रकार हर कार्ड धारक एक से दो किलो राशन कम मिलता है। विरोध करने पर कोटेदार की खरी-खोटी सुननी पड़ती है। जर्दी गांव के रामनरेश, रामदवन, किशोर, कम्मन, अमरावती देवी, श्रीमीला देवी, पूजना देवी, देवीशरन, भानमती देवी, चंपा देवी, किरन आदि ने कार्रवाई की मांग की है।
राशन बेंचने का आरोप
पुरंदरपुर। लक्ष्मीपुर ब्लाक के रानीपुर गांव के लोगों ने एसडीएम नौतनवां को पत्रक देकर आरोप लगाया है कि कोटेदार ने बाढ़ का फायदा उठाकर राशन बेच दिया मंगलवार को रानीपुर ग्राम सभा के राम प्रसाद सहानी, लालू यादव, राम चिमलन, हरिहर, रामचंद्र, रामानुज, हरिशंकर, नूर मोहम्मद, शमशेर, राजपूती, छोटक, हुसेन, सुशीला आदि ने शिकायत की है।