महराजगंज। मंगलवार को रोडवेज वर्कशॉप पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने 9 सूत्री मांगों को लेकर धरना दिया। रोडवेज कर्मियों ने परिवहन निगम के खिलाफ गुस्से का इजहार किया। कर्मचारियों ने कहा कि परिवहन निगम द्वारा कर्मचारी हित को लेकर जरा भी गंभीरता नहीं बरती जा रही है। सातवें वेतन आयोग की संस्तुति को लागू नहीं किया गया जिससे कर्मचारियों को आर्थिक नुकसान हो रहा है।
शाखाध्यक्ष केपी नायक ने कहा कि सातवें वेतन को लागू कर एरियर का भुगतान तत्काल किया जाए। वर्षों से लंबित वेतन, विसंगतियों को निवारण नहीं हुआ है। वर्ष 2016 से महंगाई भत्ता नहीं मिला है। सेवानिवृत हुए कर्मचारियों के सभी लंबित देयक भुगतान किए जाए। निगम के सभी डिपो और स्टेशन पर चालकों एवं परिचालकों के लिए शौचालय और सुविधायुक्त विश्रामालय की व्यवस्था की जाए। गांव से तहसील व जिले को जोड़ने के नाम पर निजी बसों को बढ़ावा न दिया जाए। प्रोन्नति के लिए विभिन्न संवर्गों में रिक्त पद भरे जाएं। इसके अलावा उन्होंने अन्य प्रमुख मांगों का जिक्र करते हुए मांगों को पूरा करने के लिए संघर्ष तेज करने की बात कही।
इस मौके पर क्षेत्रीय प्रतिनिधि गिरिजेश पांडेय, ओम प्रकाश, मुहम्मद इकबाल, पूर्वमासी प्रसाद, प्रेमनारायण दूबे, अच्छेलाल सिंह, रमेश, अखिलेश्वर मिश्रा, अभिषेक, लवलेश यादव, ऋषिदेव पांडेय, रामदुलारे, सतीश नायक के अलावा अन्य कर्मी मौजूद रहे।