रतनपुर। नौतनवां ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का खंड विकास अधिकारी नौतनवां ने औचक निरीक्षण किया, जिसमें तमाम शिक्षक अनुपस्थित मिले। कहीं बच्चों की संख्या ठीक रही तो कहीं बहुत कम रही।
सोमवार को बीडीओ नौतनवां अजय कुमार यादव की टीम ब्लाक क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया। प्राथमिक विद्यालय राजाबारी में सहायक अध्यापक रामानन्द यादव उपस्थिति पंजिका पर हस्ताक्षर करके गायब रहे। सहायक अध्यापक राकेश कुमार अनुपस्थित रहे। 11 बजे तक उपस्थिति पंजिका में अवकाश दर्ज नहीं था। प्राथमिक विद्यालय रमगढ़वा 11:30 बजे विद्यालय बंद मिला। प्राथमिक विद्यालय टढ़हवा राजाबारी 38 छात्र पंजीकृत हैं लेकिन 5 उपस्थित रहे। दो शिक्षकों में एक अवकाश पर रहे। प्राथमिक विद्यालय बेलहिया 192 छात्र पंजीकृत हैं, जिसमें 132 उपस्थित रहे। यहां पांच शिक्षक हैं, जिसमें सहायक अध्यापक धीरेन्द्र प्रताप सिंह 11 जुलाई से अनुपस्थित हैं। उपस्थिति पंजिका भी खाली रहा प्रधानाध्यापक द्वारा अनुपस्थिति दर्ज नहीं किया गया था। संयोगी अवकाश का प्रार्थना पत्र बगैर तारीख डाले रखा हुआ मिला। प्राथमिक विद्यालय चौतरवां में 53 छात्र पंजीकृत हैं, जिसमें 29 उपस्थित रहे। यहां सहायक अध्यापिका कुसुम पाण्डेय अनुपस्थित मिली।
प्राथमिक विद्यालय कौलहीं में सहायक अध्यापक अजात शत्रु तथा अध्यापिका ममता अनुपस्थित मिली। प्राथमिक विद्यालय राजधानी अध्यापिका सुमन सिंह अनुपस्थित रही। यहां 54 छात्र पंजीकृत हैं, जिसमें 34 उपस्थित रहे प्राथमिक विद्यालय बरवां कला में शिक्षक अनिरुद्ध प्रसाद अनुपस्थित मिले। प्राथमिक विद्यालय पैसिया में अध्यापिका शालिनी सिंह अनुपस्थित मिली। जांच टीम में एडीओ एजी अद्या पांडेय, एडीओ एसटी विरेन्द्र सिंह शामिल रहे।
खंड विकास अधिकारी नौतनवां अजय कुमार यादव ने बताया कि डीएम के निर्देश पर विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया गया है। 12 विद्यालयों का निरीक्षण टीम द्वारा निरीक्षण किया गया है। एक विद्यालय बन्द मिला और 9 शिक्षक गैरहाजिर मिले। इसकी रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी।