राइस मिलरों ने धान उठान ठप करने की चेतावनी दी
जिला खाद्य विपणन अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। राइस मिलर्स कल्याण एसोशिएशन के जिला पदाधिकारियों ने सोमवार को संगठन कार्यालय मऊपाकड़ में बैठक कर चावल लोड ट्रक समय से खाली नहीं होने पर चर्चा की। जिला खाद्य विपणन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर समस्याओं के निस्तारण की मांग की।
संगठन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र पटेल ने कहा कि भारतीय खाद्य निगम डिपो जोगियाबारी आनंद नगर में सीएमआर चावल लोड करीब 90 ट्रक पांच दिन से खड़े हैं। इससे प्रतिदिन राइस मिलरों को करीब एक लाख अस्सी हजार रुपये का नुकसान हो रहा है। राइस मिलरों ने कहा कि ट्रक जल्द कराने की मांग की। उन्होंने यह भी मांग की कि इस डिपो को बदलकर बनगढ़िया बृजमनगंज में लगाया जाए। उन्होंने कहा कि अगर उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो धान खरीद केंद्र से धान का उठान बंद किया जाएगा। ऐसे में तत्काल भारतीय खाद्य निगम क्षेत्र प्रबंधक गोरखपुर से वार्ता कर बनगढ़ीया क्षेत्र बृजमनगंज में सीएमआर चावल को उतरवाया जाए। इस मौके पर मोहन गुप्ता, शैलेंद्र पटेल, मानवेंद्र सिंह, प्रमोद कुमार, संपूर्णानंद पटेल, रवींद्र कुमार गुप्ता, घनश्याम पटेल, सचिंद्र कुमार गुप्त, अखिलेश्वर पटेल, छोटेलाल, सुधारकर आदि मौजूद रहे।