नौतनवां (महराजगंज)। नगर के जनता चौक पर स्थित दुकानदारों एवं नागरिकों ने माल गोदाम से दिन में वाहनों के संचालन पर रोक लगाने की मांग की। सभी ने संयुक्त हस्ताक्षर का ज्ञापन शनिवार को मंडलायुक्त, डीएम और एसडीएम को दिया। कहा कि रेल माल गोदाम से निकलने वाले माल वाहनों से आमजन को हो रही दिक्कतों को देखते हुए उसका संचालन रात में कराया जाए।
पत्र में उनका कहना है कि रेल मालगोदाम से ओवरलोड ट्रक, ट्रेलर गाड़ियां तेज रफ्तार से एक साथ बिना किसी खलासी के निकलती है। इससे नगर की मुख्य सड़क पर कई दुर्घटनाएं हो चुकी है। इन ओवरलोड ट्रकों से मालगोदाम की सड़क एवं नगर की मुख्य सड़क कई जगह पर टूट चुकी है। इसके साथ ही मालगोदाम की टूटी सड़क पर जमा कीचड़ व कचरा इन वाहनों के संचालन से मुख्य सड़क पर आ जाता है। जो सूखने के बाद धूल के गुबार में बदल जाता है। इसके प्रदूषण से आसपास के दुकानदार व रिहायसी मकान में रहने वाले लोग परेशान हैं। इस रोड़ पर सभी बैंक, डाकघर, लगभग बारह स्कूल मौजूद है। इससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। ऐसे में उन मालवाहक गाड़ियों का संचालन रात में कराया जाए एवं दिन में सुबह आठ बजे से रात आठ बजे तक नो इंट्री लगाई जाए। इससे आम जनता को राहत मिल सके। हस्ताक्षर करने वालों में रईस कुरैशी, मुहम्मद हेलाल, रंजन गुप्ता, शमशेर अहमद, सुनील कुमार, राजेश कुमार, गौरव गुप्ता, सुरेश चन्द गुप्ता, आकाश वर्मा, सूरज सिंह, आशीष मद्धेसिया, फूलचंद जायसवाल, राहुल श्रीवास्तव, गोपाल सिंह, सनातन प्रसाद, सगीर अहमद, गुरजीत सिंह सहित अन्य के नाम शामिल हैं।