61 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में इन दिनों आग लगने की घटनाएं तेज हो गई हैं। शनिवार को जिले में कई स्थानों पर आग लगने की घटनाएं हुईं। ज्यादातर स्थानों पर लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग की इन घटनाओं में 61 एकड़ गेहूं की फसल जलकर राख हो गई। सदर कोतवाली क्षेत्र के अमवां गांव के सिवान में आग लगने से दो एकड़ गेहूं की फसल जल गई। आसपास के लोगों ने आग पर काबू किया।
मिठौरा प्रतिनिधि के अनुसार सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा पिपरा कल्याण, खजुरिया एवं मोहनापुरृ में डंठल फूंकने के दौरान आग लग गई। जिससे 9 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। डंठल जलाने के आरोप में खजुरिया निवासी दो लोगों ने ग्रामीणों ने पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। लोगों ने बताया कि खजुरिया ग्राम सभा के पूरब सिवान में एक व्यक्ति अपने खेत में डंठल जलाकर घर चला गया। हवा के तेज झोकों से आग खजुरिया निवासी बरकतुल्लाह के खेत तक पहुंच गई। थोड़ी ही देर में आग तेजी से फैल गई। जिससे पिपरा कल्याण निवासी सुक्खल, सुग्रीव, अनिल, अवध विहारी, राधे, सुशीला, पारस, बल्ली, राधिका, लायची देवी, मेवा लाल, मुराती देवी, तारा प्रसाद, छोटे लाल, सैकुला आदि की फसल जलकर राख हो गई। वहीं मोहनापुर ग्राम सभा के खलिहान में रखा गेहूं का बोझ भी जल गया। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। आग लगने के एक घंटे बाद फायर ब्रिगेड का छोटा वाहन पहुंचा। इसके बाद लोगों की मदद से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान चौकी प्रभारी वीरेंद्र कुमार पांडेय, लेखपाल सोमनाथ भारती, आशीष चौबे, सुनील कुमार, गुलाबचंद आदि मौजूद रहे।
परतावल प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के बसवार गांव में लगी आग में खपरधीकवां, छातिराम, सेमरा चंद्रौली के किसानों का लगभग 50 एकड़ गेहूं की फसल जल गई। लोगों का कहना था कि बसवार गांव का कोई किसान डंठल जला रहा था। जिसकी चिंगारी से बगल के खेत में आग लग गई। लोगों ने आग पर काबू पाने की काफी कोशिश की लेकिन तेज हवा की वजह से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और खपरधीकवा, छातिराम, सेमरा चंद्रौली के सिवान तक पहुंच गया। मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू किया। आग लगने की इस घटना में पड़ोही सिंह, सचिन सिंह, रामेश्वर सिंह, रामप्यारे सिंह, सुशीला देवी, अमर सिंह आदि की फसल जलकर राख हो गई।