जिले में गेहूं खरीद की बढ़ने लगी रफ्तार
अब तक 6,739 मीट्रिक टन की हुई खरीद
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में गेहूं खरीद की रफ्तार धीरे-धीरे तेज होती जा रही है। पहले दिन को तो एक छटांक भी खरीद नहीं हुई लेकिन अब गेहूं खरीद में तेजी आने लगी है। बीते 18 दिनों में 6,739.018 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। इसके साथ ही 1,325 किसानों को 1,239.89 लाख रुपये का भुगतान भी किया जा चुका है। खरीद में तेजी लाने के लिए क्रय केंद्रों की संख्या भी बढ़ाई गई है। जिले में गेहूं खरीद के लिए पहले 177 केंद्र खोले गए थे। बाद में यह संख्या बढ़ाकर 196 कर दी गई। खरीद लक्ष्य जल्द आठ और नए केंद्र खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही अब क्रय केंद्रों की संख्या 204 हो गई है। हर रोज गेहूं खरीद में हुई प्रगति की समीक्षा भी की जा रही है।
गेहूं खरीद की प्रक्रिया एक अप्रैल को शुुरू हुई है। शुरू के दो-तीन दिनों तक गेहूं खरीद बिल्कुल नहीं हुई। इसके चलते प्रशासन की ओर से किसानों को जागरूक करने का प्रयास किया गया। खरीद में इधर बीच आई है। बीते 15 अप्रैल को 1,671 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई। वहीं, 16 अप्रैल को 3,237 मीट्रिक टन और 17 को 4,433 मीट्रिक टन गेेहूं की खरीद हुई। इसके बाद 18 अप्रैल को 6,739.018 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हुई। खरीद में तेजी 18 अप्रैल से आई।
जानकारी के अनुसार खाद्य विभाग की ओर से खोले गए केंद्रों पर 513 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की जा चुकी है। सहकारी समिति के केंद्रों पर 1,349 मीट्रिक टन, पीसीएफ के केंद्रों पर 1,546 मीट्रिक टन, यूपी एग्रो के केंद्रों पर 188 मीट्रिक टन, कर्मचारी कल्याण निगम ने 451 मीट्रिक टन, यूपीएसएस ने 200 मीट्रिक टन, पीसीयू ने 1,686 मीट्रिक टन, नैफेड ने 784 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद की है। भारतीय खाद्य निगम एवं नैकाफ के केंद्रों पर अब तक गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अखिलेश कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 1,25,000 मीट्रिक टन गेहूं खरीद का लक्ष्य निर्धारित है। लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए खरीद में तेजी लाने का प्रयास किया जा रहा है। शुरूआत में खरीद तेज नहीं हुई लेकिन अब तेजी आ रही है। किसानों को भी क्षेत्र में भ्रमण के दौरान जागरूक किया जा रहा है। सभी क्रय केंद्र प्रभारियों को गेहूं खरीद में तेजी लाने को कहा गया है। जांच के दौरान लापरवाही मिलने पर संबंधित केंद्र प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।