पहली बार मतदान करेंगे 21 हजार युवा मतदाता
चुनाव में कुल 18.57 लाख मतदाता चुनेंगे सांसद
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। लोकसभा चुनाव में करीब 33 फीसदी युवा मतदाता युवा भारत की नई तस्वीर गढ़ेंगे। इसमें से 20 हजार युवा मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। वैसे तो वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में कुल 18.57 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें से 18 से 19 साल के 20,966 वोटर जहां पहली बार वोट डालेंगे वहीं 20 से 29 वर्ष आयु के 5,02,510 युवा मतदाता भी मजबूत लोकतंत्र के लिए मतदान करेंगे।
प्रभारी सहायक निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार जायसवाल ने बताया कि युवा मतदाताओं की ही श्रेणी में आने वाले 30 से 39 वर्ष आयु के कुल 5,18,586 वोट भी युवा भारत की तस्वीर गढ़ने में मतदान के जरिए अपनी हिस्सेदारी निभाएंगे, जबकि 40 से 49 वर्ष के कुल 3,41,224 मतदाता भी इस चुनाव में भागीदारी निभाएंगे। इसी क्रम में 50 से 59 वर्ष के कुल 2,46,471 वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इसी क्रम में 60 से 69 वर्ष आयु वर्ग के कुल 1,45,654 मतदाता भी मतदान करेंगे। 70 से 79 वर्ष आयु वर्ग के कुल 61,699 वोटर तथा 80 साल से ऊपर के 21,396 मतदाता भी लोकतंत्र के इस महाउत्सव में भागीदार बनेंगे।
बीते 2014 के लोकसभा चुनाव में महिला व पुरुष मतदाताओं के बीच मतदान का अंतर करीब चार प्रतिशत था। पुरुषों ने जहां 58.12 प्रतिशत मतदान किया था वहीं महिलाओं ने करीब 62.07 प्रतिशत। इस लोकसभा चुनाव में महिला व पुरुष मतदाता के मतदान अंतर को कम करने का अभियान चलाया जा रहा है।