मानदेय में वृद्धि को आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन
अमर उजाला व्यूरो
महराजगंज। आंगनबाड़ी कर्मचारी एवं सहायिका एसोसिएशन की जिला इकाई के लोगों ने मंगलवार को रोडवेज बस स्टेशन से जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट तक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मानदेय में वृद्धि की मांग की।
जिलाध्यक्ष छाया भारती ने आरोप कि सरकार झूठा आश्वासन देकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को गुमराह कर रही है। महंगाई बढ़ती जा रही है लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय नहीं बढ़ाया जा रहा है। जिला संरक्षक राधेश्याम मौर्या ने कहा कि सरकार मांगों के प्रति गंभीर नहीं दिख रही है। यही कारण है कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। इस मौके पर संगठन के मीरा देवी, राजमती, नाजमा, शोभा, ज्ञानमती, पुष्पा, संगीता, सीमा, सुमन, परवेज, भागवत गौड़, सरोज आदि मौजूद रहीं।
उधर, आंगनबाड़ी संयुक्त संघर्ष मोर्चा की जिला इकाई ने 9 सूत्री मांगों के समर्थन में कलेक्ट्रेट परिसर में धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपकर मानदेय में वृद्धि सहित अन्य मांगें पूरी करने की मांग की। इस मौके पर जिला संरक्षक सत्येंद्र कुमार पटेल, सरोज, सपना, माधुरी, चंद्रावती, पूनम आदि मौजूद रहीं।