धान खरीद न होने पर किसानों का प्रदर्शन
मोहनापुर क्रय केंद्र पर खरीद शुरू नहीं होने पर गुस्सा
अमर उजाला ब्यूरो
मिठौरा। क्षेत्र के साधन सहकारी समिति मोहनापुर में धान खरीद न होने पर सोमवार को क्षेत्र के किसानों ने साधन सहकारी समिति के सामने प्रदर्शन किया। बाद में कुछ लोगों के समझाने पर किसानों का प्रदर्शन बंद हुआ।
साधन सहकारी मोहनपुर में खुले केंद्र में बड़हरामीर, मुंडेरा कला, बौलिया राजा, रामपुर मीर, लेदवा, मोहनापुर, मंगलवार, कुइया कंचनपुर आदि ग्राम सभाओं के किसान धान की बिक्री के लिए आते हैं। सोमवार को दिन में बड़हरामीर से चंद्रप्रकाश मिश्रा, गोविंद प्रसाद, अश्वनी सिंह, दीपक गुप्ता, अभय सिंह सहित दर्जनों किसान जब ट्राली ट्रैक्टर पर धान की बिक्री के लिए साधन सहकारी समिति पर पहुंचे तो केंद्र पर ताला लटका मिला।केंद्र पर ताला बंद होने से नाराज किसानों ने केंद्र के समक्ष प्रदर्शन किया और धान घर वापस ले गये। लोगों ने बताया कि केंद्र प्रभारी राजकुमार गुप्ता 15 दिन पहले दुर्घटना में घायल हो गए हैं। तभी साधन सहकारी समिति मोहनापुर धान क्रय केंद्र पर ताला लटका हुआ है।