फोटो:-
-------
आयुष्मान से सुधरेगी सरकारी अस्पतालों की सेहत
उपचार से होने वाली आय को अपनी सुविधानुसार कर सकेंगे खर्च
योजना के अंतर्गत अलग-अलग बीमारियां का तय किया गया है पैकेज
संजय कुमार पांडेय
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना से मरीजों के साथ साथ सरकारी अस्पतालों की भी सेहत में सुधारेगी। प्रति मरीज के इलाज के हिसाब से सरकार की ओर से योजना के तहत निर्धारित पैकेज का अस्पताल को 15 दिन के अंदर भुगतान कर दिया जाएगा। आयुष्मान योजना के तहत सरकार से मिलने वाली रकम को अस्पताल के अधीक्षक अपने विवेकानुसार व्यय खर्च कर सकते हैं। फर्नीचर, लाइट, पंखा, चिकित्सकीय उपकरणों आदि की खरीदारी की जा सकेगी। मरीज के स्वास्थ्य के साथ ही अस्पताल की सेहत में भी सुधार होगा। उधर, प्राइवेट अस्पतालों का रुझान इस दिशा में कम है। जिले में दो सरकारी एवं पांच प्राइवेट अस्पताल योजना के तहत चयनित हैं।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत जिले में ग्रामीण क्षेत्र में एक लाख, 25 हजार परिवार को चिन्हित किया गया है। वहीं शहरी क्षेत्र में 12 परिवार चयनित हैं। योजना के तहत 1352 तरह की जांचे और सर्जरी, साल में पांच लाख तक तक नि:शुल्क उपचार गरीब परिवारों को मिलेगा। इस योजना से मरीजों के साथ साथ सरकारी अस्पताल की सेहत में भी सुधार होगा। परतावल सीएचसी एवं जिला अस्पताल को योजना के तहत चयनित किया गया है। पैकेज की धनराशि से एक प्रतिशत अधिक सरकार भुगतान करेगी। एनएबीएच की श्रेणी में आने वाले अस्पताल की बेहतर सुविधा के आधार पर केंद्र सरकार की ओर से जारी पैकेज रेट से 10 प्रतिशत ज्यादा राशि अस्पताल के खाते में भेजी जाएगी। 15 दिन के अंदर सरकार की ओर से भुगतान नही होने पर एक प्रतिशत ब्याज दिया जाएगा। मरीजों के इलाज के बाद वाली धनराशि को चालू करने के लिए सीएमएस या चिकित्सा अधीक्षक की अध्यक्षता में कमेटी गठित होगी। कमेटी के सदस्यों की सहमति के बाद सीएमएस या चिकित्ससा अधीक्षक विवेकानुसार अस्पताल के विकास कार्यों को खर्च कर सकेंगे।
एसीएमओ डॉक्टर आई. ए. अंसारी ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत रेट कार्ड के अनुसार बाईपास सर्जरी 1.10 लाख रुपये, हिप रिप्लेसमेंट के लिए 90,000 रुपये, कृत्रिम उपकरण के लिए 50 हजार रुपये दिए जाएंगे। वॉल्ब बदलवाने के लिए 1.20 लाख रुपये आर्थोस्कोपी सर्जरी के लिए 20 हजार रुपये, संक्रमित घुटने की सर्जरी के लिए 25 हजार, सर्वाइकल सर्जरी के लिए 20 हजार और बच्चेदारी हटाने के लिए 50 हजार, गुर्दे की पथरी के लिए 15 से 18 हजार रुपये तय है। सरकार द्वारा तय रेट और प्राइवेट अस्पताल के रेट में बहुत फसला है। सीएमएस डॉ. आर.बी. राम ने बताया कि आयुष्मान योजना के तहत जिला अस्पताल में लाभार्थी मरीज को भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। योजना के पैकेज रेट के अनुसार मिलने वाले भुगतान को जिला अस्पताल के विकास कार्यों पर खर्च किया जाएगा। इसमें मरीजों के साथ साथ अस्पताल में सुविधाएं बढ़ेगी।