गांगी बाजार (महराजगंज)। गेहूं की कालाबाजारी के खिलाफ जिला प्रशासन अब लगातार कार्रवाई कर रहा है। इस कड़ी में पनियरा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा धनखरी में स्थित एक बड़ी मिल में बीती रात एसडीएम सदर ने छापेमारी की। जांच में राइस मिल परिसर में 503 बोरी गेंहू व सरकारी क्रय केंद्र के बोरी मिली। क्षेत्रीय खाद्य विपणन अधिकारी रविंद्र कुमार चौहान की तहरीर पर पनियरा थाने में मिल मालिक शिवपूजन चौधरी , मिल मालिक का बेटा वीरेंद्र व सचिव शिव सागर के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
पनियरा क्षेत्र के ग्राम सभा धनखरी में स्थित मेसर्स चौधरी ट्रेडिंग कंपनी राइस मिल में एसडीएम सदर मदन कुमार ने बीती रात छापेमारी की तो मिल परिसर से वर्ष 2017-18 की सरकारी खाली जूट की बोरी, गोदाम के उत्तरी भाग में 238 बोरी गेंहू, दक्षिणी भाग में 33 बोरी भरी गेहूं मिला। वहीं पर छापेमारी के दौरान 945 खाली बोरी भी बरामद हुआ। मिल परिसर में खड़े ट्रक में 232 बोरी भरी गेहूं पकड़ा गया। कुल 503 बोरी गेंहू तथा 945 खाली बोरा बरामद किया गया है। एसडीएम सदर मदन कुमार ने बताया कि डीएम के निर्देश पर कार्रवाई की गई। मिल मालिक समेत उसके बेटे खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है। वहीं थानाध्यक्ष पनियरा मनीष कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किया जा रहा है।