महराजगंज। गर्मी का मौसम शुरू होते ही अघोषित बिजली की कटौती बढ़ गई है। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बमुश्किल निर्धारित अवधि की बिजली मिल पा रही है। बिजली के बार-बार जाने और आने से लोग परेशान हैं।
अब गर्मियां शुरू हो गई है। शाम छह से रात्रि दस बजे तक विद्युत उपकरणों का उपयोग भरपूर होता है, जिसके चलते सब स्टेशनों पर विद्युत मशीनों का लोड भी बढ़ने लगता है। यही कारण है कि महराजगंज कंट्रोल द्वारा लोड बढ़ने पर अक्सर जिले में अचानक इमरजेंसी रोस्टिंग शुरू कर दी जाती है। ग्रामीण क्षेत्र में हो रही कटौती का दंश उपभोक्ताओं को झेलना पड़ रहा है, जिले के परतावल क्षेत्र के उमेश यादव, रामअजोर, नरेश, वीरेंद्र तिवारी आदि ने बताया कि बिजली कटौती के कारण शाम के समय लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं बीती रात नगर में इमरजेंसी कटौती के कारण रात्रि में नौ बजे से देर रात तक बिजली कटौती हुई, जिससे नगर के लोगों को काफी परेशानी हुई। मुकेश कुमार यादव, गणेश श्रीवास्तव, उपेंद्र जायसवाल, शंभू यादव ने बताया कि इन दिनों बिजली कटौती बढ़ गई है।
विश्विद्यालय परीक्षार्थियों को परेशानी
इन दिनों सिद्धार्थ विश्व विद्यालय के परीक्षार्थियों की परीक्षा शुरू हो गई है, बिजली कटौती होने से छात्रों की पढ़ाई बाधित हो रही है। छात्रों ने बताया कि अगर पढ़ाई के समय बिजली मिलती तो परीक्षा की तैयारी करने में आसानी होती।