महराजगंज। संभागीय खाद्य नियंत्रक (आरएफसी) देवराज यादव ने शुक्रवार को विभिन्न क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ने अब तक धान की खरीद शुरू नहीं होने पर परतावल के केंद्र प्रभारी से नाराजगी जताई। साथ ही अन्य केंद्रों पर वहां के प्रभारियों को धान खरीद में तेजी लाने का निर्देश दिया।
आरएफसी ने सबसे पहले खाद्य विभाग के परतावल स्थित धान क्रय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां धान की खरीद शुरू नहीं हुई थी। इस पर उन्होंने केंद्र प्रभारी से नाराजगी जताई और अविलंब खरीद शुरू करने की हिदायत दी। आरएफसी ने बताया कि खाद्य विभाग के ही घुघली व सदर ब्लॉक के केंद्र पर धान की खरीद शुरू होने की जानकारी दी गई। जहां के प्रभारियों से धान खरीद में तेजी लाने को कहा गया। निरीक्षण के दौरान जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार त्रिपाठी मौजूद रहे।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी अजीत कुमार त्रिपाठी ने बताया कि दो दिन में विभिन्न क्रय केंद्रों पर 112 एमटी धान की खरीद हुई है। जिन केंद्रों पर अब तक धान खरीद शुरू नहीं हुई है, वहां के केंद्र प्रभारियों को दो दिन के अंदर हर हाल में खरीद शुरू करने की हिदायत दी गई है।