कोठीभार। 15 दिन बाद भी चंद्रशेखर हत्याकांड का पर्दाफाश नहीं हो पाने से नाराज परिजनों व कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने काली पट्टी बांध कर प्रदर्शन किया। 48 घंटे में खुलासा नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
गुरुवार को कांग्रेसी नेता राजू गुप्ता व विनोद तिवारी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं व व्यापारियों ने काली पट्टी बांधी और हाथों में स्लोगन लिखी तख्ती लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारे लगाते नगर का भ्रमण किया। अंत में सिसवा चौकी इंचार्ज राजप्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपा गया। राजू गुप्ता ने कहा कि चंद्रशेखर हत्याकांड का खुलासा अगर 48 घंटे के अंदर नहीं किया जाता है तो प्रदेश के जिला मुख्यालयों पर गांधीवादी तरीके से विरोध प्रदर्शन किया जाएगा और सिसवा थाने के बाहर कार्यकर्ता बेमियादी धरना पर बैठने के लिए बाध्य होंगे। इस प्रदर्शन में संतोष उर्फ अमरेंद्र मल्ल, दीपक मद्धेशिया, राकेश गुप्ता, विजय अंगारा, प्रदीप सिंह, जलाउद्दीन, कृष्णानंदन दुबे, संदीप चौरासिया, विजय जायसवाल, मनीष चौरसिया आदि मौजूद रहे।
पुलिस प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल
कोठीभार। बहन की शादी की बात कर मित्र के साथ कसया से लौट रहे चंद्रशेखर की हत्या के 15 दिन बीतने के बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंची। अब तक एक महिला सहित डेढ़ दर्जन युवकों को हिरासत मेें लेकर पूछताछ से नगर में दहशत है। चंद्रशेखर हत्या कांड में देरी होने से जनपद में तरह तरह की अफवाह हैं। साथ ही इस घटना से व्यापारियों में पहले से भय व्याप्त है। परंतु पुलिस की कार्रवाई ने भी युवाओं को आतंकित कर रखा है। इस घटना में अब तक नगर और क्षेत्र के एक महिला सहित डेढ़ दर्जन से अधिक युवकों को क्राइम ब्रांच अपने राडार पर लेकर पूछताछ कर छोड़ चुकी है और कुछ लोग अभी भी पुलिस कस्टडी में है। 24 अगस्त की रात चंद्रशेखर की हत्या का चश्मदीद सिर्फ उसका दोस्त ईश्वर है। तभी से वह पुलिस कस्टडी में हैं। लेकिन, अभी तक पुलिस उससे कोई जानकारी नहीं ले पाई है। उसके बार-बार बयान बदलने की बात कह पुलिस मामले का खुलासा करने से कतरा रही है।
पर्दाफाश में देरी से आक्रोश
महराजगंज। गुरुवार को भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी लेनिनवादी की सिसवा ब्लाक कमेटी की बैठक में जिला सचिव सुग्रीव चौहान ने कहा कि चंद्रशेखर के हत्यारों को अबतक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर पाई है। हत्यारे बेखौफ घूम रहे हैं। पुलिस लीपापोती करने में लगी हुई है। यदि पुलिस जल्दी हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया तो पार्टी 14 सितंबर से डीएम कार्यालय का घेराव करेगी। कामरेड हरीश ने कहा है कि चन्द्रशेखर के हत्या के तार सत्ता से जुड़ी हुई है इसलिए अब तक पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। बैठक के दौरान श्रीपत विश्वकर्मा, रामनिवास गौतम, रामकेवल गुप्ता, कुसुम भारती, श्रीप्रकाश आर्य, बक्शीस अली, लालबहादुर चौरसिया, शहिदुंनिश, दिलावर गुप्ता, रामपाल प्रजापति, सीताराम यादव समेत तमाम लोग मौजूद रहे।
इसी क्रम में यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश गुप्ता, जिलाध्यक्ष राजु गुप्ता, अमरेंद्र मल्ल के नेतृत्व में सिसवा कस्बे में जनाक्रोश पदयात्रा निकाल गपुलिस और शासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदेश सचिव राकेश गुप्ता ने कहा कि पुलिस जनता को गुमराह कर रही है। रोज झूठे वादे करती है। हत्या होने के 14 दिन बीत जाने के बाद भी हत्यारों का पता लगाने में पुलिस असफल साबित हो रही है।
एसपी से शिकायत कर कार्रवाई की मांग
महराजगंज। सिसवा के व्यापारी चंद्रशेखर के हत्या के मामले में पुलिस सक्रियता दिखाते हुए जगह जगह छापेमारी कर रही है। जिस किसी के ऊपर पुलिस को संदेह हो रहा है, उसको गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दे रही है। दर्जनों छापेमारी के बाद भी पुलिस का हाथ खाली है और हत्यारे बेखौफ घूम रहे है। इस बात का जिक्र करते हुए सिसवा निवासी सुनील सिंह ने एसपी को पत्रक देकर पुलिस का उत्पीडन बंद कराने की मांग की है। पत्र के माध्यम से उन्होने कहा कि है पुलिस अपना काम करे लेकिन बेगुनाहो को परेशान न करें। उन्होने कहा कि बेटे अभय सिंह को पुलिस शक के आधार पर रात के 2 बजे थाने लायी। चंद्रशेखर की मौत से उसका कोई लेना देना नहीं है। एसपी ने आश्वासन दिया है कि किसी भी निर्दोष नागरिक को परेशान नहीं किया जाएगा। नगर पंचायत सिसवा निवासी समसुद्दीन पुत्र नज्जी साकिन ने सीएम को पत्र भेजकर गुहार लगाया है कि उसके भाई सैयद्दीन को पुलिस बेवजह घर से जबरन उठाकर थाने ले गई है और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर फंसाया जा रहा है।