लक्ष्मीपुर। ब्लॉक संसाधन केंद्र लक्ष्मीपुर पर राष्ट्रीय आविष्कार अभियान के अंतर्गत आयोजित साइंस क्विज प्रतियोगिता का आयोजन बृहस्पतिवार को किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य परिषदीय विद्यालयों के बच्चों में विज्ञान, तकनीक, पर्यावरण एवं मानव प्रौद्योगिकी के प्रति रुचि विकसित करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन खंड शिक्षा अधिकारी पिंगल प्रसाद राणा के मार्गदर्शन में हुआ।
प्रतियोगिता में कक्षा 6, 7 एवं 8 के जूनियर हाई स्कूलों से कुल 168 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। प्रथम चरण में लिखित बहुविकल्पीय प्रश्नों के माध्यम से प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया गया। इसके आधार पर सर्वश्रेष्ठ 25 विद्यार्थियों का चयन किया गया। फाइनल राउंड में चयनित 25 विद्यार्थियों को रेंडम आधार पर पांच-पांच के पांच समूहों में विभाजित किया गया। फाइनल राउंड में कुल 10 राउंड आयोजित हुए, इनमें विज्ञान, तकनीकी ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण एवं मानव प्रौद्योगिकी से संबंधित प्रश्न पूछे गए।