ठूठीबारी बॉर्डर पर सुरक्षा एजेंसियां आने-जाने वालों की सघन तलाशी ले रहीं हैं।
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली (महराजगंज)। पुलवामा में आतंकी हमले और जवाबी कार्रवाई में भारतीय वायु सेना की एयर स्ट्राइक के बाद भारत-नेपाल सीमा सोनौली पर अलर्ट जारी कर दिया गया है। सीमा के आर-पार आने-जाने वालों की सघन तलाशी ली जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह संतुष्ट होने के बाद ही किसी को आगे जाने की अनुमति दे रही हैं।
सीमा पर सुरक्षा एजेंसियां मुस्तैद हैं तो आसपास के क्षेत्रों में भी एसएसबी और पुलिस की गश्त जारी है। पगडंडियों की भी निगहबानी की जा रही है। सीमा पार से आने वालों की तलाशी ली जा रही है। उनसे पूछताछ हो रही है और संतुष्ट होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की इजाजत दी जा रही है। मेटल डिटेक्टर की भी मदद ली जा रही है। संदेह होने पर परिचय पत्र दिखाने को कहा जा रहा है। कंपनी कमांडर एसएसबी आरएस अहिर ने बताया कि सीमा की कड़ी निगरानी हो रही है। ठूठीबारी एसएसबी बीओपी इंचार्ज विश्व दीपक त्रिपाठी, एसआई नवीन गोगोई, कांस्टेबल दीपक कुमार, प्रकाश, जीएम रेड्डी, प्रदीप कुमार, प्रकाश गुज्जर आदि ने सीमा पर जांच की।