गेहूं की बुआई के लिए तैयारी में जुटे किसान
15 से 30 नवंबर तक है इसके लिए उपयुक्त समय
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगजं। जिले में जिस क्षेत्र में धान की कटाई हो गई है, वहां रबी की फसलों खासतौर से गेहूं की बुआई के लिए किसानों ने तैयारी शुरू कर दी है। किसान खेतों की गहरी जुताई कर तैयारी कर रहे हैं। साथ ही खाद और बीज की भी व्यवस्था करने में जुट गए हैं। 15 से 30 नवंबर के बीच गेहूं की बुआई के लिए उचित समय बताया जा रहा है।
गेहूं की अगैती बुआई 15 नवंबर से शुरू होती है। इसके लिए किसान खाद, बीज एवं खेत तैयारी में जुटे हुए हैं। किसान सरकारी बीज गोदाम अथवा सहकारी समितियों से बीज खरीद रहे हैं। कृषि विज्ञान केंद्र वसूली के कृषि वैज्ञानिक बीबी सिंह ने सुझाव दिया कि 15 नवंबर से किसान गेहूं की बुआई शुरू कर दें। जिन किसानों ने मसूर की बुआई अब तक नहीं की है, वह अब बुआई कर लें। उन्होंने कहा कि 30 नवंबर तक गेहूं की बुआई के लिए उपयुक्त समय होता है। किसान मृदा परीक्षण कराएं और शोधित बीज का ही प्रयोग करें। बुआई के समय संतुलित मात्रा में उर्वरक का प्रयोग करना चाहिए।