राजीव नगर में खतरों के पोल से गुजर रहे तार
सड़कों व गलियों में बांस बल्लियों पर लटक रहे जर्जर केबल
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। कहने के लिए तो महराजगंज को नगर पालिका पालिका का दर्जा मिला है लेकिन शहर के अधिकांश मोहल्लों में बिजली के पोल की भारी कमी है। ऐसे क्षेत्रों में राजीव नगर वार्ड भी शामिल है, जहां खतरों के पोल से बिजली के तार गुजर रहे हैं। इस वार्ड की हर गलियों व सड़कों पर बांस व बल्लियों पर कई घरों के केबल एक साथ लटकते देखे जा सकते हैं। गलियों में लटकते केबल को देखकर लोग बारिश व आंधी आने पर सहम जाते हैं।
करीब 2000 की आबादी वाला वार्ड राजीव नगर वीआईपी मोहल्लों में शुमार है। इस वार्ड में कुल 1140 मतदाता हैं। इनमें महिला मतदाताओं की संख्या 517 है जबकि 623 पुरुष मतदाता हैं। यह क्षेत्र स्टेट बैंक से शुरू होकर टेढ़वा कुटी तक फरेंदा-महराजगंज के रोड के दक्षिण तक स्थित है। इस मोहल्ले में जाने वाले प्रमुख मार्गों को छोड़कर किसी अन्य लिंक सड़क व गलियों में विद्युत पोल नहीं लगे हैं। वार्ड के लोग अपने घरों को रोशन करने के लिए निजी खर्च पर बांस बल्ली लगाकर कर केबल ले गए हैं। एक - एक बांस व बल्ली के सहारे कई घरों तक खतरों के तार दौड़ रहे हैं। यह भी कहा जा सकता है कि पूरा मोहल्ला बिजली केबल के मकड़जाल में है।