महराजगंज। बाढ़ के कहर के साथ अब जिला अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ गई है। शुक्रवार को वायरल फीवर के अलावा उल्टी दस्त के मरीजों की संख्या इजाफा हुआ। चाहे पर्ची काउंटर हो या फिर दवा काउंटर सभी पर भीड़ लगी रही। यहीं नहीं डाक्टरों के कक्ष में भी भीड़ के कारण कतार लगाकर लोग खडे़ नजर आए। ऊमस और भीड़ से परेशान मरीज और तिमारदारों ने दुर्व्यवस्था पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त किया।
चर्म रोग विशेषज्ञ डा. एके राय के कक्ष के सामने काफी भीड़ लगी रही। उन्होंने बताया कि 1.10 बजे तक करीब 163 मरीजों को देख चुके हैं। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ डा. रंजन मिश्रा के यहां कुल 70 मरीजों को उल्टी दस्त के अलावा वायरल फीवर और निमोनिया के मरीजों का इलाज हुआ है। वहीं डा. आरपी राय के कक्ष के बाहर कुछ महिलाएं मासूम बच्चों को गोद में लिए खडृी थीं। जो डाक्टर के पास से भीड़ हटने के इंतजार में थी। डाक्टर राय ने बताया कि इस समय तक कुल उल्टी, दस्त और वायरल फीवर के कुल 92 मरीज देखे गए हैं। डा. एएम भाष्कर ने कुल 76 मरीजों को दवा दी। नेत्र रोग विशेषज्ञ डा. बीके यादव के पास कुल 51 मरीज देखे गए।
--------
अस्पताल में इलाज के लिए बेहतर व्यवस्था है। जो संसाधन हैं, उसके बेहतर करने का प्रयास जारी है। भीड़ बढ़ने पर थोड़ी बहुत दिक्कत होती है लेकिन सभी का समुचित इलाज करने का प्रयास किया जाता है। अस्पताल में दलालों का प्रवेश वर्जित है। अगर ऐसी बात है तो जांच कर कार्रवाई होगी।
-डा. आरबी राम, सीएमएस, जिला अस्पताल महराजगंज।