सूचना के बगैर अनुपस्थित चिकित्सकों पर होगी कार्रवाई :डीएम
तहसील व सीएचसी बनकटी के औचक निरीक्षण में मिलीं कमियां
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने गुरुवार को दिन में एक बजे के करीब तहसील व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निरीक्षण में मिलीं कमियों को मौके पर मौजूद अधिकारियों को तत्काल दूर करने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि सूचना के बगैर अस्पताल में अनुपस्थित रहने वाले चिकित्सकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
जिलाधिकारी फरेंदा तहसील का औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहां कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका देखने के बाद राजस्व अभिलेखागार का निरीक्षण किया। इस दौरान विद्युत बिल बकाया वसूली कम होने पर संबंधित अधिकारियों से नाराजगी जताई और वसूली में तेजी लाने की हिदायत दी। आरसी के कई मामलों में विद्युत विभाग द्वारा एक मुश्त समाधान योजना के तहत बकाया जमा कर दिया जाता है लेकिन खारिज नहीं किया जाता है। ऐसे मामलों का मिलान कर अभिलेख में सुधार करने का निर्देश दिया। जन शिकायतों के मामले में त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए साफ-सफाई बेहतर रखने की हिदायत दी। यहां निरीक्षण के बाद जिलाधिकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बनकटी पहुंचे। जहां पहुंचते ही उन्होंने दवा वितरण कक्ष में बैठक कर मरीजों से दवा मिलने की जानकारी ली। वहीं पर उपस्थित पंजिका का मुआयना किया। जिसमें एक चिकित्सक बिना सूचना के अनुपस्थित मिले। जिस पर नाराजगी जाहिर करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि बिना सूचना के अनुपस्थित मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। एक ही रजिस्टर में नए व पुराने मरीजों की इंट्री पर भी उन्होंने नाराजगी जाहिर की। डीएम ने वार्ड, दवा का स्टॉक, एक्सरे कक्ष, इंसेफेलाइटिस वार्ड के साथ ही लेबर रूम आदि का निरीक्षण किया। साथ ही साफ-सफाई का भी जायजा लिया। अस्पताल के बगल में स्थित राजकीय नलकूप विभाग के कार्यालय का भी निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम आरबी सिंह, अधीक्षक डॉ. हीरालाल, डॉ. एके पटेल, फॉर्मासिस्ट अरुण चतुर्वेदी, गजेंद्र उपाध्याय, स्टॉफ नर्स लालजी त्रिपाठी, राजेंद्र यादव, तबस्सुम, प्रीती आदि मौजूद रहीं।