आंधी-पानी से एक लाख की क्षति बता रहा प्रशासन
महराजगंज। जिला प्रशासन बीते बुधवार को आई आंधी व बारिश से जिले में करीब एक लाख की क्षति बता रहा है। क्षति का आंकलन करके जिला प्रशासन ने रिपोर्ट सचिव एवं राहत आयुक्त को भेज दी है।
प्रशासन की रिपोर्ट के मुताबिक 12 जून को आई आंधी-पानी से जहां दस लोगों के टिन शेड उजड़ गए, वहीं बिजली गिरने से फरेंदा तहसील क्षेत्र के ग्राम बारातगाढ़ा निवासी सोमई के भैंस की मौत हो गई। इसी तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरा महराज निवासी श्रवण पर पेड़ की डाली टूट कर गिर गई, जिससे वह घायल हो गए। उनका सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर में इलाज चल रहा है। यह जानकारी देते हुए अपर जिलाधिकारी कुंज विहारी अग्रवाल ने बताया कि रिपोर्ट के मुताबिक निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत पोखरभिंडा निवासी कृष्ण, रामकल्प व कोमल का टिन शेड, रामानंद की झोपड़ी व कन्हई का खपरैल मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। इसी प्रकार ग्राम पंचायत अगया में प्रेम, सिकंदर, बहादुर व इसरावती का सीमेंट शेड उजड़ गया है। इस तरह से अनुमानित क्षति करीब एक लाख रुपये है। आंधी व बारिश से क्षति की रिपोर्ट सचिव एवं राहत आयुक्त को भेजी गई है।