रुपये से भरा बैग जीआरपी ने यात्री को सौंपा
मुंबई से नौगढ़ जाते समय ट्रेन में छूट गया था
अमर उजाला ब्यूरो
फरेंदा। सोमवार की सुबह मुंबई से नौगढ़ यात्रा करते समय एक शख्स का रुपये से भरा बैग ट्रेन में छूट गया। जीआरपी और आरपीएफ ने बैग में मिले पहचान पत्र के आधार पर सूचना यात्री को दी। यात्री के आने पर उसे बैग सौंप दिया गया।
सिद्धार्थनगर के चिल्हिया निवासी अजय कुमार 9 जून को मुंबई से गोरखपुर अंत्योदय एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे थे। उनका बैग ट्रेन में छूट गया। मंगलवार की सुबह बैग आनंदनगर रेलवे स्टेशन के करीब मालगोदाम के पास गिरा हुआ आरपीएफ को मिला। बैग जीआरपी के सुपुर्द कर दिय गया। बैग की जांच की गई तो उसमें उसका आधार कार्ड, पैन कार्ड, इस्तेमाल कपड़े, एटीएम कार्ड सहित 31 हजार रुपये मिले। इसके बाद सूचना यात्री अजय कुमार को दी गई। मंगलवार की सुबह यात्री अपने एक साथी के साथ आनंदनगर जीआरपी पहुंचा। एसओ ने रुपये सहित बैग को सुपुर्द किया तो उसकी खुशी का ठिकाना नहीं रहा। यात्री ने सभी को धन्यवाद देते हुए ईमानदारी की सराहना की।