गर्मी और बरसात में सांप से रहें सावधान
जनवरी 2018 से अब तक सर्पदंश के 310 मरीज आए
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। गर्मी एवं बरसात के मौसम में सांप अधिक निकलते हैं। इससे जिला अस्पताल में सांप काटने वाले मरीज बढ़ जाते हैं। अस्पताल में जरूरी वैक्सीन के माध्यम से सर्पदंश के शिकार मरीजों का इलाज किया जाता है। डॉक्टरों की सलाह है कि गर्मी एवं बरसात के मौसम में सांप से सतर्क रहें।
जिला अस्पताल में जनवरी 2018 से फरवरी 2019 तक कुल 310 लोग सर्पदंश के शिकार हुए। गर्मी और बरसात के मौसम में ज्यादा लोग सर्पदंश के शिकार होते हैं। इसमें पिछले साल जनवरी में तीन, फरवरी में चार, मार्च में चार, अप्रैल में 10, मई में 29, जून में 52, जुलाई में 101, अगस्त में 29 सितंबर 33, अक्टूबर में 18, नवंबर में 19 और दिसंबर में तीन मरीज जिला अस्पताल में इलाज के लिए आए। इस वर्ष जनवरी में तीन, और फरवरी में दो मरीज सर्पदंश का शिकार होने के कारण अस्पताल में इलाज के लिए पहुंचे।
सीएमएस डॉक्टर आरबी राम ने बताया कि गर्मी एवं बरसात के मौसम में सांप बिल से बाहर आना शुरू करते हैं। ऐसे में सुरक्षा जरूरी है। लोग अपने घरों के आसपास गंदगी न रहने दें। घरों में चूहे रहने से सांप आने की आशंका बनी रहती है। रात में टार्च लेकर निकलना चाहिए। उन्होंने बताया कि जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का त्वरित इलाज किया जाता है। सर्पदंश से इलाज के लिए पर्याप्त मात्रा में दवा उपलब्ध है।