‘स्वच्छ और पॉलिथीन मुक्त हो शहर’
फोटो
बच्चों ने रैली निकाल लोगों को किया जागरूक
नौतनवां में स्वच्छता विषय पर होगी निबंध प्रतियोगिता
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। स्वच्छ, सुंदर और हरा-भरा महराजगंज का संदेश देने के लिए बच्चे और नगर पालिकाकर्मी बृहस्पतिवार को शहर की सड़कों पर निकले। रैली का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। बच्चों के हाथों में स्वच्छता के संदेश लिखे झंडे, बैनर व तख्तियां थीं। रैली नगर के सक्सेना चौक से गोरखपुर रोड होते हुए बैकुंठपुर पहुंची।
रैली समापन के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष कृष्ण गोपाल जायसवाल ने कहा कि महराजगंज नगर पालिका तरक्की की ओर बढ़ रहा है। जब सभी के मन में स्वच्छता की बात बैठ जाएगी तो शहर साफ-सुथार हो जाएगा। इस दौरान हिरामती, एलबी राय, राम बहादुर, लाल बहादुर, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।
नौतनवां प्रतिनिधि के अनुसार स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पालिका परिषद की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई। खुले में शौच मुक्त व प्लास्टिक मुक्त शहर बनाने का संकल्प लिया गया। नगर पालिका अध्यक्ष गुड्डू खान ने कहा कि क्षेत्र के सभी विद्यालयों में बच्चों में स्वच्छता से संबंधित चित्रकला व निबंध प्रतियोगिता कराई जा रही है। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान पाने वाले बच्चों को पुरस्कृत किया जाएगा। सामूहिक प्रतियोगिता का 27 अगस्त को दोपहर बाद दो से साढ़े तीन बजे तक राजकीय कन्या इंटर कॉलेज में आयोजित किया गया है। प्रतियोगिता अच्छे अंक से उत्तीर्ण प्रतिभागियों को साइकिल, मोबाइल, स्पोर्ट्स किट, ड्रेस, बैग आदि देकर पुरस्कृत किया जाएगा।