डोमरा-जर्दी बांध पर जनरेटर लगाकर निगरानी बढ़ाई
फोटो:-
वर्ष 2007 में डोमरा-जर्दी बांध टूटने से हुई थी 27 लोगों की मौत
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले के सभी संवेदनशील बंधों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट है। सर्वाधिक संवेदनशील डोमरा-जर्दी बांध पर जनरेटर लगाकर निगरानी बढ़ा दी गई है। पिछले साल अगस्त में आई बाढ़ से डोमरा-जर्दी बांध सात स्थानों पर टूट गया था। वर्ष-2007 में भी डोमरा-जर्दी बांध टूटने से हरखपुरा गांव के पास नाव पलटने से 27 लोगों की मौत हो गई थी। ऐसे में डोमरा-जर्दी बांध को अति संवेदनशील मानकर प्रशासन ने सतर्कता बढ़ा दी है।
बाढ़ से निपटने के लिए प्रशासन से पूरी तैयारी कर ली है। संवेदनशील बंधों की निगरानी के लिए संबंधित विभाग के कर्मचारियों की तैनाती की गई है। प्रशासन अति संवदेनशील 21 किलोमीटर लंबे डोमरा-जर्दी बंधे पर चौबीस घंटे पेट्रोलिंग करा रही है। बंधे के पास रहने वाले ग्रामीणों की सुविधा के लिए दो स्थानों पर जनरेटर लगाए गए हैं। पिछले साल अगस्त में आई बाढ़ की वजह से डोमरा-जर्दी बांध सात स्थानों पर टूटा था। सबसे पहले बड़हरा लाला गांव के पास, इसके बाद सुचितपुर बघौना, तेंदुअहिया, डोमरा गांव के बरदहिया के पास, डोमरा के अकटहवा गांव के पास तथा अकटहवा-नरकटहां के बीच दो स्थानों पर बांध टूटा गया था। सिंचाई खंड द्वितीय के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बंधे पर डोमरा तथा अनंतपुर बंधे पर जनरेटर लगाए गए हैं।