महराजगंज। अब सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग के लिए सुखद संदेश है। टाइगर बफर जोन बनाने की कवायद के बीच बांघों के साथ साथ गैड़ों का भी जंगल में विचरण देख वन विभाग गदगद है। कारण कि बांघों के विचरण एवं गतिविधयों पर नजर रखने के लिए बीते दिनों लगाए गए ट्रैकिंग कैमरे में जहां बाघ कैद किए गए, वहीं वनकर्मियों के कैमरे में गैंडे भी कैद कर लिए गए हैं।
सोहगीबरवां वन्य जीव प्रभाग के प्रभागीय वनाधिकारी मनीष सिंह ने बताया कि सोहगीबरवां में जो दो गैंडे विचरण कर रहे हैं उनमें एक नर व एक मादा है। ये दोनों गैंडे सोहगीबरवां के शिवपुर रेंज में ही विचरण करते देखे जाते हैं। वहीं पर ट्रैकिंग कैमरों में बाघ भी कैद किए जा चुके हैं जो सोहगीबरवां जंगल में विचरण करते हैं। सोहगीबरवां की आबोहवा बांघों व गैडों को भाने लगी है।
गैड़ों को नहाने व चारे की और बाघों के शिकार की भी है व्यवस्था
डीएफओ मनीष सिंह ने बताया कि एक तरफ जहां गैडों को गर्मी में नहाने के लिए गंडक का पर्याप्त पानी है तो खाने के लिए शिवपुर रेंज में 295 हेक्टेअर में ग्रास लैंड है। जबकि बांघों के शिकार के लिए कई तरह के वन्यजीव हैं।