महराजगंज। परीक्षा परिणाम घोषित करने की मांग को लेकर आमरण अनशन के दूसरे दिन छात्रों ने अपना रुख कड़ा कर लिया। कॉलेज प्रशासन की उपेक्षा से नाराज छात्रों ने प्राचार्य का पुतला फूंक गुस्से का इजहार किया। सभी ने कॉलेज और विश्वविद्यालय प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेतावनी दी कि अगर जल्दी परीक्षा परिणाम घोषित नहीं हुआ तो आंदोलन तेज होगा। बीए तृतीय वर्ष का रिजल्ट घोषित नहीं हुआ है जिससे छात्र नाराज है। उन्हें बाहर के कॉलेजों में अगली कक्षाओं में दाखिला लेने में परेशानी हो रही है। छात्रों का कहना है कि अगर समय से रिजल्ट घोषित नहीं हुआ तो छात्रों का भविष्य चौपट हो सकता है।
छात्र विजय कुमार वर्मा, सर्वेश चौरसिया, सत्यम वर्मा, रामसिंह ने कहा कि कॉलेज प्रशासन छात्रहित को लेकर गंभीर नहीं है। अनशन पर होने के कारण स्वास्थ्य खराब हो है मगर कोई डॉक्टर चेकअप करने नहीं आया। इन छात्रों ने कहा कि कालेज प्रशासन अनशन तोड़ने के लिए दबाव बना रहा है। उन्होंने कहा कि छात्रहित के लिए संघर्ष जारी रहेगा। अगर समय से परीक्षा परिणाम घोषित हो गया होता तो कहीं भी दाखिला लेने में दिक्कत नहीं होती। बीए तृतीय वर्ष का अंकपत्र नहीं होने से तमाम छात्र दिल्ली, लखनऊ, आगरा के कॉलेजों में दाखिला नहीं ले पा रहे हैं। इस दौरान करन निगम, शिवशंकर गुप्ता,सूरज वर्मा, करन वर्मा, विनय तिवारी, गिरीजेश चौरसिया के अलावा तमाम छात्र मौजूद रहे।
छात्र नेताओं ने दिया समर्थन
बीए तृतीय वर्ष का परिक्षा परिणाम घोषित कराने को लेकर जारी अनशन के समर्थन में तमाम छात्र नेताओं ने समर्थन दिया है। पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष अविनाश कुमार, रेनू गुप्ता समेत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पदाधिकारियों ने भी आंदोलन को समर्थन दिया है। सभी ने कहा है कि छात्र हित के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।