कोठीभार। दिल्ली से कमा के लौट रहे कोठीभार थानांतर्गत ग्राम संडा खुर्द निवासी 32 वर्षीय युवक को जहरखुरानों ने ट्रेन में नशीला पदार्थ सुंघा दिया और उसका लैपटॉप, मोबाइल फोन व सामान से भरा बैग लेकर रफूचक्कर हो गए। शनिवार सुबह युवक सिसवा रेलवे स्टेशन पर बेहोशी की हालत में पाया गया। उसका इलाज नगर के प्राइवेट अस्पताल में चल रहा है। ग्रामसभा संडा खुर्द निवासी पारस विश्वकर्मा के बड़े पुत्र अरविंद विश्वकर्मा दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में मार्केटिंग का काम करता है। कुछ दिन पहले अरविन्द ने परिजनों को फोन कर घर वापस आने की जानकारी दी थी। मगर कई दिन बीत जाने के बाद भी घर नहीं पहुंचा तो परिजन परेशान हो गए। मोबाइल फोन बंद होने के कारण संपर्क भी नहीं हो रहा था। परिजन तलाश करते रहे मगर उसका कहीं पता नहीं चला। शनिवार की सुबह अरविंद के पिता पारसनाथ के मोबाइल पर किसी ने फोन कर बताया कि बेहोशी के हालत में अरविंद सिसवा रेलवे स्टेशन पर पड़ा है। सूचना मिलते ही परिजन स्टेशन पहुंचे और उसे एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया जहां अरविन्द का इलाज चल रहा है।