आरोपियों में सेनेगल का एक नागरिक और भारत के नई दिल्ली की दो महिलाएं शामिल
सोनौली। नेपाल पुलिस के नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की संयुक्त टीम ने काठमांडो में एक विदेशी नागरिक समेत तीन लोगों को करीब डेढ़ किलो कोकीन के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में सेनेगल का एक नागरिक और भारत के नई दिल्ली की दो महिलाएं शामिल हैं।
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की ओर से सोमवार को एक प्रेस वार्ता कर बताया गयाकि 43 वर्षीय सेनेगल निवासी अमादौ सार 9 जून को कतर एयरवेज की उड़ान से दोहा होते हुए इथियोपिया से काठमांडो पहुंचा था। संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर पुलिस उसकी निगरानी कर रही थी।
पुलिस को मिली सटीक सूचना के बाद काठमांडो के थमेल स्थित एक होटल में उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान उसके पेट से प्लास्टिक में पैक 16 कोकीन कैप्सूल बरामद हुए। पूछताछ और चिकित्सकीय जांच में उसके पेट में और कैप्सूल होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की सहायता से उसके पेट से 60 अतिरिक्त कैप्सूल निकाले गए। कुल 76 कैप्सूलों से लगभग 1.5 किलोग्राम कोकीन बरामद हुई है।
दो भारतीय महिलाएं कोकीन की खेप लेने पहुंची थी काठमांडो
नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि भारत के नई दिल्ली से दो महिलाएं उक्त कोकीन की खेप लेने के लिए काठमांडो पहुंची थीं। सूचना के आधार पर पुलिस ने 14 जून को थमेल के एक होटल से दक्षिण दिल्ली के खानपुर क्षेत्र की निवासी रूबी (36) और सोनी (31) को गिरफ्तार कर लिया।
वर्जन
गिरफ्तार महिलाओं के पास से एक पासपोर्ट, दो भारतीय आधार कार्ड और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। तीनों आरोपियों के विरुद्ध नारकोटिक्स कंट्रोल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
- दुर्गा राज रेग्मी, डीएसपी