महराजगंज। स्कूली छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर शुक्रवार को यातायात पुलिस ने नगर और कस्बा क्षेत्रों में स्कूल बसों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
यातायात निरीक्षक ने कहा कि स्कूल बसों में सीसीटीवी कैमरे अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, वाहन निर्धारित गति सीमा में ही संचालित हों तथा प्रत्येक बस में कार्यशील अग्निशामक यंत्र और पर्याप्त मात्रा में फर्स्ट एड बॉक्स उपलब्ध रहे। इसके अलावा आपातकालीन निकास की व्यवस्था दुरुस्त रखने और वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखने के निर्देश भी दिए गए।
यातायात निरीक्षक अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान कुल 15 स्कूली वाहनों की जांच की गई। जांच में विभिन्न कमियां मिलने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 10 हजार रुपये का चालान किया गया।