आंबेडकर योजना के 15 लाभार्थियों को ऋण का इंतजार
महराजगंज। डॉ. आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में चयनित अनुसूचित जाति तथा सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को ऋण का इंतजार है। योजना में चयनित 52 लाभार्थियों में 37 को ही ऋण उपलब्ध कराया गया है। जबकि 15 लोगों को ऋण का इंतजार है।
डॉ. आंबेडकर योजना के तहत जिले में अनुसुचित जाति व जनजाति तथा सामान्य वर्ग के लाभार्थियों को ऋणपरक योजना से लाभान्वित करते हुए उनकी आय बढ़ाने का प्रयास किया जाता है। योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2020-21 में ब्लॉकों को जो लक्ष्य दिया गया था, उसके मुताबिक बृजमनगंज में सर्वाधिक 13, निचलौल में 10, सदर में 9, परतावल में 7, लक्ष्मीपुर में 5, मिठौरा में 2 तथा नौतनवां, धानी व फरेंदा में एक-एक लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाना था। जिम्मेदारों ने 37 लाभार्थियों को लाभान्वित कर दिया, मगर 15 लाभार्थी साल भर बाद भी योजना के लाभ से वंचित हैं। इनमें सामान्य वर्ग के 10 तथा अनुसूचित वर्ग के 5 लाभार्थी शामिल हैं। जिला विकास अधिकारी जगदीश त्रिपाठी ने बताया कि ऋण योजना के लाभ से वंचित 5 अभ्यर्थियों को जल्द लाभान्वित किया जाएगा।
दो लाख तक मिलेगा ऋण
डॉ. आंबेडकर रोजगार प्रोत्साहन योजना के तहत स्वरोजगार से जुड़ने वाले जरूरतमंदों को दो लाख रुपये तक का ऋण दिया जाएगा। इसमें वर्गवार 25 से 35 प्रतिशत अनुदान देने की व्यवस्था है।