महराजगंज। बोर्ड परीक्षा में सख्ती के कारण तमाम छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। सोमवार को हाई स्कूल उर्दू और इंटर इतिहास की परीक्षा प्रथम पाली में हुई। बुधेंद्र इंटर कालेज मिठौरा में केंद्र व्यवस्थापक ने इंटर के दो छात्रों को रस्टिकेट कर दिया। वहीं जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रो पर अधिकारियों ने दौरा कर व्यवस्था का जायजा लिया।
हाईस्कूल उर्दू में 461 पंजीकृत छात्रों में से 403 ने परीक्षा दी जबकि 58 छात्रों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं इंटर इतिहास में 2714 पंजीकृत छात्रों में 2452 छात्रों ने परीक्षा दी। वही 261 छात्र छात्राओं ने परीक्षा छोड़ दी। द्वितीय पाली इंटर गणित की परीक्षा में राजा रतन सेन इंटर कालेज निचलौल में डीआईओएस ने एक छात्र को नकल करने पर रस्टिकेट कर दिया।
डायट प्राचार्य अनील मिश्रा की टीम ने टैगोर इंटर कालेज खुटहां, इंटर कालेज कोटा मुकुंदपुर, जनता इंटर कालेज पकडी नौनियां का दौरा किया। वहीं बीएसए जगदीश शुक्ल की टीम ने एग्लो संस्कृत इंटर कालेज घुघली, डीएबी नारंग इंटर कालेज घुघली जवाहर लाल नेहरू इंटर कालेज हरखपुरा, जीएसवीएस इंटर कालेज महराजगंज में जांच किया। वित्त एवं लेखाधिकारी दुर्गेश यादव की टीम ने अभिनव विद्या मंदिर उदितपुर, न्यू आइडियल उत्तर माध्यमिक विद्यालय झामट, नोतनवां इंटर कालेज नौतनवां परीक्षा केंद्र की जांच की। डीआईओएस अशोक कुमार सिंह ने बताया कि नकल विहीन परीक्षा कराने पर पूरा जोर है। संबंधित अधिकारी परीक्षा केंद्रो की निगरानी पूरे मनोयोग से कर रहे हैं।
जिलाधिकारी वीके सिंह व एसपी आरपी सिंह ने टैगोर इंटर कालेज खुटहां बाजार में दूसरी पाली की परीक्षा में जांच करने पहुंचे। नकल विहीन परीक्षा के लिए उन्होने केंद्र व्यवस्थापक को आवश्यक दिशा निर्देश दिया।