जिला सड़क सुरक्षा समिति के आंकड़े कर रहे पुष्टि
गत वर्ष 958 बिना हेलमेट, इस वर्ष सिर्फ चार माह में 1312 संख्या
जुर्माना भरने के बाद भी परिवहन नियमों की अनदेखी
महराजगंज। परिवहन नियमों की अनदेखी के मामले जनपद में बढ़ते जा रहे हैं। जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति के आंकड़ों के अनुसार जितने मामले 2025 पूरे 12 माह में कार्रवाई के थे उससे कहीं अधिक महज चार माह में ही नये वर्ष 2026 में पार कर चुके हैं।
बीते माह जिला सड़क सुरक्षा समिति का दायरा विस्तृत कर सदस्यों की संख्या 14 कर दी गई है, इसके अध्यक्ष डीएम ही रहेंगे। समिति में सदस्यों की संख्या बढ़ने के पीछे जागरूकता में वृद्धि करना था। हालांकि आंकड़े चिंताजनक हैं। वर्ष 2025 के 12 महीनों में परिवहन विभाग ने हेलमेट नहीं लगाने वाले 958 बाइक सवारों का चालान किया था। लेकिन 2026 में अप्रैल महीने तक ही 1312 लोगों का चालान किया जा चुका है। पूरे वर्ष में यह आंकड़ा बेहद चिंताजनक हो सकता है। कारण कि अभी वर्ष समाप्त होने में आठ माह शेष बचे हैं।
इसी प्रकार सीटबेल्ट नहीं लगाने पर वर्ष 2025 में कुल 51 वाहनों पर जुर्माना लगाया गया था जबकि इस वर्ष यह संख्या 93 तक पहुंच चुकी है। ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले भी विभागीय चिंता का कारण है। 2025 में कुल 400 ड्रिंक एंड ड्राइव के चालान हुए जबकि इस वर्ष चार माह में संख्या 120 तक पहुंच गई है।
वर्जन
पिछले वर्ष के सापेक्ष कुछ मामले घटे तो कुछ बढ़े हैं। विभाग विभिन्न महकमों से समन्वय बनाकर यातायात नियमों के अनुपालन को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रयासरत है।
-मनोज कुमार सिंह, एआरटीओ, महराजगंज।