आंगनबाड़ी केंद्रों पर कल मनेगा बचपन दिवस
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। पांच फरवरी को 3000 आंगनबाड़ी केंद्रों पर बचपन दिवस मनाया जाएगा। यहां 3 से 6 वर्ष तक के जिन बच्चों का जन्म फरवरी माह में हुआ होगा, उनका जन्मदिन केक काटकर मनाया जाएगा। बच्चों को जन्मदिन के बारे में जानकारी देने के लिए बचपन दिवस उत्साह पूर्वक मनाया जाता है। ताकि बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों के प्रति रुचि दिखा सकें। इस दिन बच्चों व उनके अभिभावकों को साफ सफाई व स्वास्थ्य के के प्रति जागरूक किया जाएगा।
जिले के तीन हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर 3 से 6 वर्ष तक के 1.45 लाख बच्चे पंजीकृत हैं। इन बच्चों में से जिन बच्चों का जन्म फरवरी माह में हुआ होगा, उनका जन्मदिन मनाया जाएगा। इस दिन पैदा होने वाले बच्चों के साथ ही उनकी माताओं को भी बुलाया जाएगा। उन्हें बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूक किया जाएगा। कुछ केंद्रों पर पोषण सखी भी जाकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सहयोग करेंगी तथा महिलाओं को उनके व बच्चों के सेहत के प्रति जागरूक करेंगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी बृजेंद्र कुमार जायसवाल ने बताया कि पांच फरवरी को सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बचपन दिवस मनाने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को दिशानिर्देश दिए गए हैं। तीन से छह साल तक के पंजीकृत करीब 1.45 लाख बच्चों में जिनका जन्म फरवरी माह में हुआ होगा, उनका केक काटकर कर जन्मदिन मनाया जाएगा। माताओं को भी स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।