दायित्व के प्रति लापरवाह दो सफाईकर्मी निलंबित
डीपीआरओ को दिया गया था कार्रवाई करने का निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। स्वच्छत भारत मिशन को सफल बनाने में जुटे अधिकारियों की नजर गांवों में तैनात सफाई कर्मियों पर भी है। सात जुलाई को सीडीओ के निरीक्षण में दो सफाईकर्मियों की लापरवाही सामने आई थी। इसके बाद डीपीआरओ को दोनों सफाईकर्मियों पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया था। डीपीआरओ ने बुधवार को दायित्व के प्रति लापरवाह दोनो सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया।
डीपीआरओ आरएन यादव ने कहा कि ग्राम पंचायत बागापार में तैनात सफाईकर्मी गुड्डूू जांच के दौरान कार्य स्थल पर नहीं था। गांव में सफाई व्यवस्था बदतर मिली। उसे निलंबित करते हुए सदर ब्लॉक मुख्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। साथ ही एडीओ पंचायत मिठौरा को जांच अधिकारी नामित किया गया है।
ग्राम पंचायत महुअवां में तैनात सफाई कर्मचारी राधेरमण पटेल भी सीडीओ की जांच में मौके पर नहीं था। इस गांव में नाली, सड़क समेत अन्य स्थानों पर साफ-सफाई ठीक नहीं मिली। उसे भी निलंबित करते हुए सदर ब्लॉक से सबंद्ध कर दिया गया है। इस मामले में भी एडीओ पंचायत मिठौरा को जांच सौंपी गई है। डीपीआरओ आरएन यादव ने बताया कि गांवों को खुले में शौच से मुक्त करने के लिए सभी कर्मियों को पूरे मनोयोग से कार्य करने की जरूरत है। दायित्व के प्रति उदासीनता किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।