महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के बरडाड़ गांव के टोला नुरईजोत के बाहर सब्जी के खेत में बुधवार को गांव की एक महिला का शव मिला। हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बृजमनगंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बरडाड़ टोला नुरईजोत निवासी हफिबुल निशा (35) पत्नी बिसमिल्ला मंगलवार की भोर में बिना बताए घर से निकली। उसके बाद वह घर से नहीं लौटीं। बुधवार को गांव के बाहर सब्जी के खेत में दोपहर बाद गांव के लोगों ने शव देखा। खेत में शव मिलने की सूचना पर तमाम लोग इकट्ठे हो गए। इसके बाद उसकी पहचान हफिबुल निशा के रूप में हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष बृजमनगंज का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।