अड्डा बाजार। नौतनवा थाना क्षेत्र की संपतिहा चौकी की पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने बुधवार को सुबह 6 बजे सीमा के पिपरहवा घाट पर 118 बोरी ब्राजीलियन मक्का के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह मक्का दो पिकअप पर लादकर तस्कर नेपाल से भारत ला रहे थे। नौतनवा थाने की पुलिस ने औपचारिकता पूरी करके कस्टम के हवाले कर दिया गया।
संपतिहा चौकी इंचार्ज जयप्रकाश सिंह ने बताया कि चंडीथान चौराहे पर सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार स्थानीय बीओपी की एसएसबी से तस्करी की रोकथाम के लिए बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर के जरिए निकटवर्ती बॉर्डर के पिपरहवा घाट से ब्राज़ीलियन मक्के की तस्करी होने की सूचना मिली। संयुक्त टीम तत्काल मौके की ओर बढ़ गई। टीम को बॉर्डर की तरफ से कच्चे रास्ते से होकर दो पिकअप हाईवे की ओर आती हुई दिखाई दी।
उन्हें रोककर तलाशी ली गई तो उनमें कुल 118 बोरी ब्राज़ीलियन मक्का लदा था। बरामद मक्का समेत पिकअप और उसमें सवार गांव हरदी डाली के विनोद, दुर्गा शंकर और सिंहपुर कला के दशरथ को थाने ले जाया गया और आवश्यक कार्रवाई पूरी करके नौतनवा कस्टम के हवाले कर दिया गया।