मानदेय बढ़ोतरी को लेकर आवाज बुलंद की
- फोटो : अमर उजाला
महराजगंज। मानदेय बढ़ोतरी की मांग को लेकर अखिल भारतीय मध्यान्ह भोजन रसोइया महासंघ के जिला इकाई पदाधिकारियों ने बुधवार को सांसद पंकज चौधरी के धनेवा-धनेई आवास का घेराव किए। पदाधिकारियों ने एक स्वर में कहा कि अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन तेज किया जाएगा।
संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष राजवंशी शर्मा ने कहा कि संगठन की ओर से कई बार ज्ञापन सौंपकर मानदेय की बढ़ोतरी करने व अन्य समस्याओं को निस्तारित करने की मांग की गई लेकिन आज तक मानदेय की बढ़ोतरी नहीं हुई। बीते दिन मुख्यमंत्री द्वारा रसोइयों के मानदेय बढ़ाए जाने के बारे में कहा गया था लेकिन आज तक मानदेय बढ़ने से जुड़ा शासनादेश जारी नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि अगर हमारी मांग पूरी नहीं हुई तो आगामी लोकसभा चुनाव में रसोईया द्वारा विरोध किया जाएगा। जिलाध्यक्ष विंदू देवी ने कहा कि महंगाई बढ़ रही है लेकिन रसोइयों के मानदेय को नहीं बढ़ाया जा रहा है। जिससे रसोइयों को अपने जरूरतों को पूरा करने व परिवार पालने में परेशानी हो रही है। उन्होंने कहा कि रसोइयों द्वारा छोटे-छोटे बच्चों को भोजन खिलाने के अलावा स्कूल के साफ-सफाई का कार्य किया जाता है। बावजूद मानदेय बढ़ोतरी पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। इस मौके पर सरस्वती, विजय लाल, छोटेलाल भारती, जवाहर, संतोष गौतम, कैलाश नाथ मिश्रा, फेरई गौतम, दीनानाथ दूबे, गंगा, आशा देवी, उषा, आरती, विमलावती, माधुरी आदि मौजूद रहे।