गुजरात से पीएम और गोरखपुर से सीएम ने किया शुभारंभ
जिला पंचायत सभागार में योजनाओं के बारे में लोगों को दी गई जानकारी
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना मंगलवार को शुरू कर दी गई। गुजरात के अहमदाबाद से प्रधानमंत्री और गोरखपुर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसका शुभारंभ किया। इसका सीधा प्रसारण जिला पंचायत सभागार में सांसद पंकज चौधरी, डीएम अमरनाथ उपाध्याय की मौजूदगी में लाभार्थियों ने देखा।
सांसद व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रभुदयाल ने जिले में पात्र लाभार्थियों को योजना के तहत कार्ड वितरित किया गया। सांसद पंकज चौधरी ने कहा कि केंद्र व प्रदेश सरकार की योजनाओं का जनता को सीधे लाभ मिल रहा है। इस योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को पेंशन का लाभ मिलेगा। श्रम प्रवर्तन अधिकारी जितेंद्र कुमार ने लाभार्थियों को योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि असंगठित कामगार को इस योजना का लाभ मिलेगा। जिसकी उम्र 18 से 40 वर्ष और मासिक आय 15,000 रुपये से कम होगी। वह इस योजना के लिए पात्र होंगे। लाभार्थियों को 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने के बाद न्यूनतम तीन हजार प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। इसी क्रम में जिला पंचायत सभागार के बाहर कैंप लगाकर असंगठित क्षेत्र करीब 150 श्रमिकों का कार्ड भी बनाया गया। उन्होंने कहा कि श्रमिक अपने नजदीक किसी भी कामन सर्विस सेंटर से योजना के तहत रजिस्ट्रेशन करवा सकते हैं। एसपी रोहित सिंह सजवान, भाजपा जिलाध्यक्ष अरुण शुक्ला, डीआईओएस अशोक कुमार सिंह, आशा, आंगनबाड़ी, रसोइया आदि मौजूद रहे।