महराजगंज लोक रंजन महोत्सव के लिए जिम्मेदारियां तय
तीन दिन होने वाले विविध कार्यक्रम की रूपरेखा भी तैयार
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। जिले में तीन दिन तक चलने वाले महराजगंज लोक रंजन महोत्सव के लिए अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारिया तय कर दी गई है। साथ ही तीनों दिन तक चलने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तय कर दी गई है। जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय ने महोत्सव में लगाए गए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी जिम्मेदारियों का ठीक ढंग से निर्वहन करने का निर्देश दिया है।
जिलाधिकारी ने बताया कि 25, 26 व 27 जनवरी को जवाहरलाल नेहरू स्मारक पीजी कॉलेज के खेल मैदान में महोत्सव का आयोजन होगा। तीन दिन कार्यक्रम चार-चार सत्र में आयोजित होगा। इसमें पहले दिन 25 जनवरी को 11 से दो बजे तक चलने वाले प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि महोत्सव का शुभारंभ करेंगे। इसी सत्र में स्मारिका का भी विमोचन किया जाएगा। पहले सत्र के लिए मुख्य विकास अधिकारी सत्र अभिभावक होंगे। इनके सहयोग में डीआईओएस, बीएसए, वीरेंद्र सिंह, विमल पांडेय, विजय बहादुर सिंह व सीजे थामस रहेंगे। इसके बाद दोपहर दो से पांच बजे तक चलने वाले द्वितीय सत्र में विभिन्न स्कूलों की ओर से सांस्कृतिक प्रतियोगिता के साथ-साथ चित्रकला, फैंसी ड्रेस, रंगोली और निबंध प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता के सत्र अभिभावक प्रशिक्षु डीएफओ अविनाश होंगे। इनके साथ तीन अन्य लोग सहयोग करेंगे। रंगोली प्रतियोगिता के लिए सत्र अभिभावक जवाहर नवोदय के प्रधानाचार्य डॉक्टर जनार्दन उपाध्याय को सत्र अभिभावक बनाया गया है। इनके भी साथ दो लोग लगाए गए हैं। निबंध प्रतियोगिता के लिए विमल पांडेय को सत्र अभिभावक बनाया गया है। इसी क्रम में सायं 4.30 से 5.30 बजे तक चलने वाले सत्र के लिए अपर पुलिस अधीक्षक सत्र अभिभावक नामित किया गया है।