सीएम के निरीक्षण के बाद फोरलेन के काम आई तेजी
मार्च 2019 तक पूरा किया जाना है काम
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। वर्ष 2018 भी बीत गया, लेकिन अभी तक गोरखपुर-परतावल फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका है। इसके चलते राहगीर परेशान हैं। अपने गोरखपुर के कार्यक्रम के दौरान 27 दिसंबर की रात में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस निर्माणाधीन सड़क का निरीक्षण किया था। उस दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों को मुख्यमंत्री को मार्च 2019 तक गोरखपुर-परतावल फोरलेन का काम हर हाल में पूरा कराने की हिदायत दी थी। उनकी हिदायत के बाद फोरलेन के निर्माण के काम में तेजी आई है।
सभी जिला मुख्यालयों को फोरलेन से जोड़ने की योजना है। इसी क्रम में गोरखपुर-परतावल के बीच फोरलेन सड़क बनाने के प्रस्ताव को वर्ष 2016 में मंजूरी मिली थी। इसके लिए करीब तीन अरब रुपये स्वीकृत हुए हैं। इसमें से कतरारी से परतावल तक करीब 12 किमी फोरलेन के लिए 1.18 अरब रुपये मंजूर हुए हैं। प्रस्ताव स्वीकृत हुए करीब तीन साल पूरे होने को हैं लेकिन काम अब तक पूरा नहीं हो पाया है। फोरलेन निर्माण में हो रही देर की वजह से महराजगंज से गोरखपुर तक अपने निजी साधन से आने जाने वाले लोग रूट बदल कर फरेंदा के रास्ते गोरखपुर आते जाते हैं। इसके चलते लोगों को समय तो ज्यादा लगता ही है, वाहनों के तेल पर भी ज्यादा रकम खर्च करनी पड़ती है। हालांकि महराजगंज जिले में फोरलेन के निर्माण में तेजी लाने के लिए खुद जिलाधिकारी अमरनाथ उपाध्याय एवं लोक निर्माण विभाग के प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ठेकेदार पर दबाव बनाते रहे हैं। लेकिन अपेक्षित गति से काम न होने की वजह से राहगीर परेशान रहे। सीएम के निर्देश के दौरे के बाद गोरखपुर के अलावा महराजगंज की सीमा में भी इन दिनों फोरलेन के काम को गति देने के लिए निर्माण सामग्री तेजी से गिराए जाने लगी है। कतराती से परतावल के बीच सड़क के दोनों तरफ गिट्टी व मिट्टी के ढेर से जनपदवासियों को अब लगने लगा है कि अब फोरलेन के निर्माण में तेजी आएगी।
इस संबंध में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सचिन कुमार ने कहा कि 27 दिसंबर को खुद सीएम ने इस सड़क का निरीक्षण कर ठेकेदार को सख्त निर्देश देते हुए मार्च 2019 तक गुणवत्ता परक काम कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दोनों जनपदों की सड़क एक ही ठेकेदार को बनाने की जिम्मेदारी दी गई है। इसलिए महराजगंज जनपद सीमा के अंदर के फोरलेन के निर्माण में कुछ देरी हो रही थी, लेकिन अब काम में काफी तेजी आएगी।