मिल श्रमिकों के धरने में पहुंचे पूर्व सांसद
- फोटो : अमर उजाला
ठूठीबारी (महराजगंज)। गड़ौरा चीनी मिल चलाओ भुगतान दिलाओ की मांग के समर्थन में मिल श्रमिक व क्षेत्र के गन्ना किसान मिल के मुख्य गेट पर शुक्रवार से धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। धरना तीसरे दिन रविवार को भी जारी रहा। इस बीच किसानों व मिल श्रमिकों के आंदोलन को समर्थन देने पूर्व सांसद सपा नेता कुंअर अखिलेश सिंह पहुंचे।
उन्होंने कहा कि वह नेता के रूप में नहीं बलि्क एक किसान के रूप में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे हैं। उनका उद्देश्य मिल चलवाकर किसानों व मिल श्रमिकों के बकाए का भुगतान कराना है। वहीं धरना प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्वांचल चीनी मिल मजदूर यूनियन के अध्यक्ष डॉ. नवलकिशोर मिश्र ने चेतावनी कि अगर गन्ना मूल्य भुगतान नहीं हुआ तो आर पार की लड़ाई लड़ी जाएगी। ठूठीबारी ग्राम सभा के पूर्व ग्राम प्रधान राजेश सिंह ने आरोप लगाया कि प्रशासन के लोगों ने गन्ना किसानों व मिल श्रमिकों को गुमराह किया है। चेतावनी दी कि गन्ना किसानों की मांगंे पूरी नहीं हुईं तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान महातम यादव, सिसवां केन यूनियन चेयरमैन राजेश्वर त्रिपाठी, अंबरीश मिश्र, गजानन मिश्रा, शिवपाल, संजय पटेल, सुरेश तिवारी, राकेश दुबे, अमला यादव, रामसेवक, संजय मिश्रा आदि मौजूद रहे।