11 पंचायत भवन कब्जे से मुक्त कराए गए
स्वच्छता सर्वे के दौरान की गई कार्रवाई
सीडीओ ने सरकारी संस्थाओं को साफ सुथरा रखने के लिए दिया निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। स्वच्छता सर्वे व ओडीएफ के कार्य में हुई प्रगति की समीक्षा के लिए मुख्य विकास अधिकारी रामसिंहासन प्रेम ने जिले के नोडल अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें नोडल अधिकारियों ने सीडीओ को जानकारी दी कि स्वच्छता सर्वे के दौरान ग्यारह पंचायत भवनों को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। बैठक में नोडल अधिकारियों की तरफ से शौचालयों के निर्माण की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की गई।
बैठक में विभिन्न ब्लॉकों के नोडल अधिकारियों ने बताया कि ग्राम पंचायत धुसवा कला के पंचायत भवन पर कई साल से अवैध कब्जा था, जिसे खाली कराया गया। ग्राम पंचायत छपवा के पंचायत भवन को भी अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया। इसी प्रकार ग्राम मदनपुरा का भी पंचायत भवन खाली करा दिया गया है। महदेवा दूूबे, भटगावां, बंसवार, धनहां, परसा बुजर्ग तथा सेमरा चंद्रौली पंचायत भवन को भी अवैध कब्जा हटवाकर खाली करा दिया गया है। इसी प्रकार ग्राम सचिवालय कोटा मुकुंदपुर पर भी एक व्यक्ति ने अवैध कब्जा कर लिया था, उसे भी खाली करा दिया गया है। ग्राम औराटार के पंचायत भवन से अवैध कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है। इसी प्रकार सभी नोडल अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के विद्यालयों, आंबनबाड़ी केंद्रों, हाट बाजार, धार्मिक स्थलों, शौचालयों की साफ सफाई के बारे में रिपोर्ट दिया। बैठक में सीडीओ ने कहा कि सभी नोडल अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने के लिए प्रतिदिन समीक्षा करें। दो अक्टूबर 2018 से पहले जिले को ओडीएफ घोषित कराने के लिए सभी अधिकारी जुट जाएं। सीडीओ ने 31 अगस्त तक विशेष रूप से अभियान चलाकर ग्रामों, हाट बाजारों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्राथमिक विद्यालयों व सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ कराने का निर्देश दिया।