तीनकी फिर कटी चोटी, दहशत का माहौल
फोटो:-
जिले में चोटी कटने की ताबड़तोड़ तीन घटनाओं से दहशत
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज/मिठौरा/निचलौल/सिसवा। जनपद के विभिन्न जगहों पर महिलाओं तथा युवतियों की चोटी कटने की घटना थमने का नाम नहीं ले रही है। विगत एक हफ्ते से पूरे जनपद में चोटी कटवा की चर्चा तेज है। पहले फरेंदा इसके बाद सिसवा अब बुधवार को भी सिंदुरियां, निचलौल व एक बार फिर सिसवा क्षेत्र में तीन युवतियों की चोटी कटने की घटना की सूचना मिलते ही समूचे क्षेत्र में सनसनी फ़ैल गई। इसे लेकर जहां ग्रामीण इलाकों की महिलाओं में चोटी कटने की घटना की चर्चाएं तेज हो गई हैं वहीं सहमी महिलाएं व बच्चियां रतजगा कर रही हैं।
जिले के सिंदुरियां, निचलौल व सिसवा में तीन युवतियों की चोटी कट गई। कोतवाली थानाक्षेत्र के ग्राम सभा कुईया-कंचनपुर निवासी दिनेश गुप्ता की 14 वर्षीय बेटी अन्नू गुप्ता मंगलवार की रात अपनी मां आशा देवी के साथ घर में सोई हुई थी। रात बारह बजे के लगभग दोनों जगकर आपस मे बात कर रहे थे तभी अचानक तेज हवा का झोंका आया। सुबह पांच बजे जब मां आशा जगीं तो बेटी अन्नू की चोटी कटी हुई थी।
इसी तरह दोपहर करीब 12 बजे कोठीभार थानाक्षेत्र के ग्राम सभा रामपुर कला निवासी आबिद अली की 18 वर्षीय पुत्री रुबीना घर में अपनी अम्मी मरियम निशा व छोटी बहन गुड़िया के साथ टीवी देख रही थी। इसी बीच पानी पीने जा ही रही थी कि तभी एक काली बिल्ली उसके सामने आकर खड़ी हो गई और उसे घूरने लगी, वह डरकर चिल्लाने लगी। जब तक मां मरियम व बहन गुड़िया दौड़कर आतीं तब तक वो बेहोश हो चुकी थी। उसके मुह पर पानी के छींटे मारकर उठाया गया लेकिन वह सदमे के कारण कुछ बोल नहीं रही थी। जिसे लेकर घर वाले पहले बीजापार स्थित मजार पर लेजाकर दुआ-ताबीज करवाए और कटे हुए बाल को वहीं छोड़ कर सिसवा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार कर जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया।
पड़ोसी मुल्क नेपाल स्थित बेलासपुर निवासी जमादार की 16 वर्षीय पुत्री नगमा निचलौल कस्बे के घोड़हवां वार्ड निवासी अपने नाना मलंग के घर रहकर प्राइवेट विद्यालय में कक्षा छह में पढ़ाई करती है। बुधवार की दोपहर करीब साढ़े बारह बजे नगमा नहाकर घर के आंगन में खड़ी होकर बाल सुखाने लगी। तभी अचानक उसके बाल कटकर निचे गिर गया, जिसे देख नगमा चीखने-चिल्लाने लगी और बेहोश हो गई। नगमा की आवाज सुन परिवार वाले व अगल-बगल की महिलाएं तथा पुरुष एकत्र हो गए। थोड़ी देर बाद पानी छिड़कने के बाद नगमा को होश आया तो परिवार वालों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना से पूरे नगर में दहशत व्याप्त है। महिलाएं और बच्चियां डरी हुई हैं।