‘बीआरसी में रखें शिक्षकों के सर्विस बुक’
बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठ कर दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
महराजगंज। बेसिक शिक्षा अधिकारी जगदीश शुक्ला ने अपने कार्यालय कक्ष में खंड शिक्षा अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बीआरसी में ही शिक्षकों की सर्विस बुक सुरक्षित रखवाने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को 24 दिसंबर से 19 जनवरी तक आयोजित होने वाले ग्रेडेड लर्निंग व गणित शिक्षक प्रशिक्षण के बारे में रिपोर्ट भेजन की हिदायत भी दी। कहा कि बीआरसी स्तर पर जो रकम भेजी गई है, उसे वित्तीय वर्ष में बचे समय के अनुरूप खर्च करें। यह भी कहा कि जहां प्रशिक्षण अभी शुरू नहीं हुआ है वहां इसे शुरू कराकर सूचना उनके कार्यालय में भेजें। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी निचलौल, धानी और सदर को स्कूल से संबंधित डाटा फीड कराने के निर्देश दिए। सभी खंड शिक्षा अधिकारी आउट आफ स्कूल नामांकित छात्रों की सूचना उपलब्ध कराएं। उन्होंने स्कूलों का निरीक्षण कर उसकी सूचना निर्धारित पोर्टल पर अपडेट करने की हिदायत भी दी। उन्होंने एक ही परिसर में संचालित परिषदीय प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों की सूचना भी भेजने को कहा। बैठक में एबीएसए श्याम सुंदर पटेल, हेमवंत कुमार, आरडी प्रसाद, अरविंद सिंह, तारकेश्वर पांडेय, रेयाद अहमद खां, पारस, कुलदीप आदि मौजूद रहे।