महराजगंज। शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर जिले में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इस चुनाव में कुल 16 प्रत्याशी मैदान में हैं। जिले के 3605 मतदाता कुल 11 केंद्रों पर मतदान करेंगे।
जिला उप निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रशांत कुमार ने बताया कि धानी मुख्यालय को छोड़कर बाकी जिले के अन्य 11 ब्लॉक मुख्यालय पर मतदान केंद्र बनाए गए हैँ। मतदान कराने के लिए कुल 11 चुनाव टीम बनाई गई है। मतदान शुक्रवार को सुबह सात से लेकर शाम पांच बजे के बीच होगा। बुधवार को रैंडमाइजेशन का काम भी पूरा हो गया है। मतदान के लिए गठित टीमें बृहस्पतिवार को अपने-अपने केंद्रों के लिए रवाना हो जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इस चुनाव में कुल 3605 मतदाता हैं, जो अपने-अपने क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय पर बने केंद्र पर मतदान करेंगे। इस चुनाव में जहां दो राजनीतिक दलों के समर्थित प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं तो वहीं अन्य 14 प्रत्याशी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना-अपना भाग्य आजमा रहे हैं। यह चुनाव बैलेट पेपर से होगा। ऐसे में बैलेट पेपर से लेकर मतदान पेटिका के साथ टीम को मतदान केंद्र पर बृहस्पतिवार की शाम तक पहुंचकर अपनी रिपोर्ट दे देनी होगी।
मतदाताओं को विशेष आकस्मिक अवकाश
उत्तर प्रदेश विधान परिषद के खंड शिक्षक द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के तहत मतदान दिवस 23 अक्तूबर को शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के बोनफाइड मतदाताओं को मताधिकार के प्रयोग के लिए विशेष आकस्मिक अवकाश अनुमन्य किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि उक्त आदेश का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करते हुए आवश्यक कार्रवाई की जाए, ताकि पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।