102 शिक्षक संकुल से स्पष्टीकरण तलब
- प्रभारी बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को जवाब के लिए कल तक का समय दिया
महराजगंज। यू-डायस प्लस पोर्टल पर फीड किए गए विवरण में विसंगति पाए जाने पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिले के सभी 102 शिक्षक संकुल से स्पष्टीकरण तलब किया है। खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेजकर यह निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित ब्लॉक के शिक्षक संकुल से स्पष्टीकरण प्राप्त कर उसे प्रत्येक दशा में सात जून तक कार्यालय में उपलब्ध कराएं। साथ ही डाटा की गड़बड़ी को भी सही करा दी जाए।
शासन की ओर से विद्यालयों व उससे जुड़े सूचनाओं को यू-डायस प्लस पोर्टल पर अपलोड करने के लिए 31 मई तक की तिथि निर्धारित की गई थी, जिसमें से जिले से लगभग 31 प्रतिशत विद्यालयों ने ही डाटा को अपलोड कराया। अपलोड डाटा की स्थिति देखने पर पता चला कि विभिन्न मानकों पर जो डाटा फीड किया गया है उसमें काफी विसंगति है। ऐसे में यदि उसे सही नहीं कराया गया तो काफी समस्या आएगी। विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए सभी शिक्षक संकुल से स्पष्टीकरण मांगा है।
कोट
यू-डायस पोर्टल पर किए गए डाटा फीडिंग में काफी विसंगति सामने आई है। जिसे दृष्टिगत रखते हुए सभी शिक्षक संकुल से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
रवींद्र सिंह, प्रभारी बीएसए